खेल और खान-पान के स्टॉलों पर उमड़ी भीड़, गीतों और नृत्यों ने मोहा मन

Advertisements

उदयपुर और औरिया में उल्लास के साथ मनाया बाल दिवस

पीएम श्री स्कूल के बाल मेले में सजे आकर्षक स्टॉल

  • बच्चों ने दिखाया व्यापारिक व सांस्कृतिक हुनर
  • खेल और खान-पान के स्टॉलों पर उमड़ी भीड़, गीतों और नृत्यों ने मोहा मन

मंडला महावीर न्यूज 29. बाल दिवस के अवसर पर जिले के बीजाडांडी विकासखंड के अंतर्गत आने वाले उदयपुर और औरिया के विद्यालयों में विविध रंगारंग कार्यक्रम का आयोजन किया गया। बच्चों ने जहां एक ओर बाल मेले में अपने प्रबंधन कौशल का प्रदर्शन किया, वहीं दूसरी ओर शानदार सांस्कृतिक प्रस्तुतियों से सभी का मन मोह लिया।पीएम श्री शासकीय माध्यमिक शाला उदयपुर में बाल दिवस के अवसर पर बाल मेले का आयोजन किया गया। मेले का मुख्य आकर्षण स्कूली बच्चों द्वारा लगाए गए विभिन्न खेल और लजीज व्यंजन के स्टॉल रहे। नन्हे-मुन्ने विद्यार्थियों ने खुद अपने-अपने स्टॉल संभालकर व्यापारिक कौशल, आपसी सहयोग और प्रबंधन क्षमता का अद्भुत परिचय दिया, जिससे पूरा परिसर मेले के रंगों में रंगा नजर आया।

अतिथियों और शिक्षकों ने की हौसला अफजाई 

उदयपुर के इस विशेष आयोजन में अध्यक्ष जगदीश यादव, मुख्य अतिथि रमजान भाई और विशिष्ट अतिथि अब्दुल समद, हैदर अली सिद्दीकी व अमित मिश्रा ने उपस्थित होकर बच्चों का उत्साहवर्धन किया। अतिथियों ने सभी स्टॉलों का निरीक्षण कर बच्चों की मेहनत और कला की खुलकर सराहना की। इस दौरान हायर सेकेंडरी स्कूल के शिक्षकों ने भी मेले में पहुंचकर बच्चों की हौसला अफजाई की। यह सफल आयोजन प्रधानाध्यापक श्रीमती आरती सिंह के कुशल नेतृत्व और समस्त स्टाफ की कड़ी मेहनत व सहयोग से संपन्न हुआ।

प्राथमिक शाला औरिया में सांस्कृतिक कार्यक्रमों की धूम 

इसके साथ ही क्षेत्र की प्राथमिक शाला औरिया में भी बाल दिवस बड़े ही धूमधाम से मनाया गया। इस अवसर पर शाला के बच्चों द्वारा शानदार गीत, भाषण, मनमोहक नृत्य और अन्य सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए गए। कार्यक्रम में गांव के कई गणमान्य नागरिक विशेष रूप से उपस्थित रहे, जिन्होंने बच्चों की प्रतिभा को सराहा और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।


Leave a Comment