बाल दिवस पर स्कूली बच्चों ने वृद्धाश्रम में बांटी खुशियां
गर्म कपड़े और सामग्री देकर लिया बुजुर्गों का आशीर्वाद
- माहिष्मती घाट पहुंचे विद्यार्थी, सीखा सेवा का पाठ
- एकाकी परिवारों के दौर में बच्चों और बुजुर्गों का यह मिलन बेहद जरूरी-राजेश क्षत्री
मंडला महावीर न्यूज 29. बाल दिवस के अवसर पर स्कूली विद्यार्थियों ने अपने शिक्षकों के साथ माहिष्मती घाट स्थित वृद्धाश्रम पहुंचकर बुजुर्गों के बीच सेवा और समर्पण की एक अनूठी मिसाल पेश की। बच्चों ने वृद्धाश्रम में निवासरत वृद्धजनों को गर्म कपड़े, टॉफियां, बिस्किट सहित अन्य उपयोगी सामग्री वितरित की। इस दौरान बच्चों ने बुजुर्गों के साथ काफी समय बिताया, उनसे आत्मीय बातचीत की और उनके जीवन के अनुभवों को सुनकर उनका आशीर्वाद प्राप्त किया।
छात्रों ने सीखा परोपकार और मानवता का पाठ
इस अवसर पर विद्यार्थियों को परोपकार, समर्पण, त्याग और मानवता जैसे जीवन के महत्वपूर्ण नैतिक मूल्यों का महत्व समझाया गया। शिक्षकों ने बच्चों को बताया कि समाज के बुजुर्गों का सम्मान करना और जरूरतमंदों की सहायता करना हमारी सबसे बड़ी सामाजिक जिम्मेदारी है। इस सेवा कार्य से विद्यार्थियों में संवेदनशीलता और सामाजिक उत्तरदायित्व की भावना विकसित हुई। वृद्धजनों ने भी बच्चों के इस निस्वार्थ सेवाभाव की जमकर सराहना की और उन्हें उज्ज्वल भविष्य का आशीर्वाद दिया।

किताबी ज्ञान से परे संस्कारों की शिक्षा
विद्यालय प्रबंधन ने बताया कि इस प्रकार के सामाजिक एवं सेवा-आधारित कार्यक्रमों का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों को केवल किताबी ज्ञान तक सीमित नही रखना है। बच्चों को मानवता, संस्कार और राष्ट्र निर्माण के मूल्यों से जोडऩा आवश्यक है, ताकि भविष्य में ये बच्चे समाज और देश की मजबूती में अपना महत्वपूर्ण योगदान दे सकें।
संयुक्त परिवारों के टूटने से बढ़ी दूरियां : राजेश क्षत्री
बच्चों के इस सेवाभाव को देखकर उपस्थित राजेश क्षत्री ने सभी बच्चों का स्वागत करते हुए विद्यालय की इस पहल पर गहरी खुशी जाहिर की। उन्होंने अपने संबोधन में कहा कि आज के समय में यह पहल अत्यंत आवश्यक है। संयुक्त परिवारों के टूटकर एकाकी परिवार में तब्दील होने से नन्हे बच्चे और बुजुर्ग दोनों एक-दूसरे से दूर हो गए हैं। अब न तो बुजुर्गों को बच्चों का प्यार मिल पा रहा है और न ही बच्चों को बड़े-बुजुर्गों का सानिध्य व संस्कार मिल रहे हैं। इसलिए आज की नई पीढ़ी को इस तरह की पहल से जोडऩा बहुत जरूरी है, जिससे भविष्य की पीढ़ी के मन में बुजुर्गों के प्रति सम्मान की भावना को हमेशा जीवित रखा जा सके।










