26 हजार रुपये से अधिक की मदिरा व महुआ लाहन जब्त, सात प्रकरण दर्ज
नारायणगंज, मंडला और नैनपुर में ताबड़तोड़ कार्रवाई
- खाली बोतलों की तलाश में कबाड़ दुकानों का भी हुआ आकस्मिक निरीक्षण
- अवैध शराब पर आबकारी विभाग का प्रहार
मंडला महावीर न्यूज 29. जिले में अवैध शराब के निर्माण और बिक्री पर पूर्णत: अंकुश लगाने के लिए आबकारी विभाग का सघन अभियान लगातार जारी है। इसी कड़ी में शुक्रवार को आबकारी विभाग की टीम ने नारायणगंज, मंडला और नैनपुर क्षेत्रों में अवैध शराब के ठिकानों पर ताबड़तोड़ दबिश दी। इस संयुक्त कार्रवाई में भारी मात्रा में अवैध मदिरा और महुआ लाहन जब्त कर मध्यप्रदेश आबकारी अधिनियम के तहत कुल सात प्रकरण पंजीबद्ध किए गए हैं।
जानकारी अनुसार टीम ने नारायणगंज क्षेत्र के ग्राम पिपरिया और खुसर में एक घर व दुकान की सघन जांच की। यहां से 12 नग देशी प्लेन मदिरा और 6 लीटर हाथ भट्टी कच्ची शराब जब्त की गई। वहीं मंडला क्षेत्र के ग्राम बिनेका में अवैध शराब बेचने के आरोप में 2 प्रकरण दर्ज करते हुए 18 लीटर हाथ भट्टी कच्ची मदिरा बरामद की गई है।
नैनपुर में महुआ लाहन और रम जब्त
इसके अलावा नैनपुर क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले ग्राम मक्के और जामगांव में भी आबकारी टीम ने सख्ती दिखाते हुए 3 प्रकरण पंजीबद्ध किए हैं। इस छापामार कार्रवाई के दौरान 12 नग देशी मदिरा प्लेन, 20 नग एमडी रम, 6 लीटर कच्ची शराब और शराब बनाने के लिए तैयार रखा 180 किलोग्राम महुआ लाहन जब्त किया गया।
26 हजार का माल जब्त, कबाड़ दुकानों की जांच
आबकारी अधिकारियों ने बताया कि इन सभी सात मामलों में जब्त की गई अवैध मदिरा और महुआ लाहन की कुल अनुमानित कीमत लगभग 26 हजार 620 रुपये आंकी गई है। अवैध शराब पर कार्रवाई के साथ आबकारी बल मंडला द्वारा एक विशेष कदम भी उठाया गया। टीम ने शराब के उपभोग के बाद फेंकी जाने वाली खाली प्लास्टिक व कांच की शीशियों और बोतलों के संबंध में कबाड़ की दुकानों का भी आकस्मिक निरीक्षण किया और कबाडिय़ों से पूछताछ की।










