आबकारी विभाग मंडला की बड़ी कार्रवाई
इमलीगोहान में अवैध शराब की भट्ठियां ध्वस्त, 2000 किलो महुआ लाहन किया नष्ट
- नैनपुर और मंडला वृत्त में ताबड़तोड़ दबिश
- 2 लाख 14 हजार की शराब व लाहन जब्त
- 6 अज्ञात आरोपियों पर केस दर्ज
मंडला महावीर न्यूज 29. जिले में अवैध शराब के निर्माण और बिक्री पर पूर्णतः अंकुश लगाने के उद्देश्य से आबकारी विभाग मंडला ने एक बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया है। कलेक्टर राहुल नामदेव धोटे के कड़े निर्देशों और जिला आबकारी अधिकारी सतीश कश्यप के मार्गदर्शन में 7 नवंबर 2026 को आबकारी अमले ने मंडला और नैनपुर वृत्त के कई ठिकानों पर ताबड़तोड़ दबिश दी। इस दौरान टीम ने अवैध शराब निर्माण के अड्डों को ध्वस्त करते हुए भारी मात्रा में महुआ लाहन नष्ट किया और देशी व कच्ची शराब जब्त की है।
इमलीगोहान में नाले किनारे चल रही थी भट्ठियां
आबकारी विभाग से मिली जानकारी के अनुसार, मुखबिर से सूचना मिली थी कि मंडला वृत्त के ग्राम इमलीगोहान में खेत के समीप बहने वाले नाले के किनारे बड़े पैमाने पर अवैध रूप से हाथ भट्टी शराब का निर्माण किया जा रहा है। सूचना की तस्दीक होने पर टीम ने मौके पर घेराबंदी कर दबिश दी।
2000 किलो लाहन व बर्तन किए नष्ट
दबिश के दौरान आबकारी टीम ने शराब निर्माण के विभिन्न अड्डों से लगभग 110 प्लास्टिक के डिब्बे और एक बड़ा ड्रम बरामद किया, जो महुआ लाहन से लबालब भरे हुए थे। इसके अलावा मौके से करीब 55 लीटर हाथ भट्टी से बनी ताजी कच्ची शराब भी जब्त की गई। टीम ने डिब्बों और ड्रम में भरे लगभग 2000 किलो महुआ लाहन को घटनास्थल पर ही बहाकर नष्ट कर दिया। साथ ही, शराब बनाने में इस्तेमाल होने वाले बर्तनों और भट्ठियों को भी तोड़कर पूरी तरह से नेस्तनाबूद कर दिया गया।
आबकारी टीम को देख भागे तस्कर
आबकारी बल को अपनी ओर आता देख अवैध शराब बनाने वाले तस्कर मौके से जंगल की ओर भाग खड़े हुए, जिनकी सरगर्मी से तलाश की जा रही है। मंडला वृत्त में अवैध शराब निर्माण के मामले में आबकारी विभाग ने अज्ञात आरोपियों के विरुद्ध 03 प्रकरण (केस) दर्ज किए हैं।
नैनपुर में भी की गई कार्रवाई
इसी कड़ी में आबकारी विभाग ने नैनपुर वृत्त में भी सघन तलाशी अभियान चलाया। टीम ने नैनपुर शहरी क्षेत्र और ग्राम झिरिया में दबिश देकर 62 नग (पाव) देशी मदिरा (प्लेन) और 10 लीटर हाथ भट्टी कच्ची शराब जब्त की है। नैनपुर क्षेत्र में भी अवैध शराब से जुड़े 03 प्रकरण पंजीबद्ध किए गए हैं।
2.14 लाख रुपये का है जब्त माल
मंडला और नैनपुर दोनों ही वृत्तों में की गई इस संयुक्त कार्रवाई में कुल 06 प्रकरण पंजीबद्ध किए गए हैं। विभाग के अनुसार, जब्त की गई मदिरा और नष्ट किए गए लाहन की कुल अनुमानित कीमत लगभग 2,14,710 रुपये आंकी गई है। जिला आबकारी अधिकारी ने स्पष्ट किया है कि मदिरा का अवैध निर्माण और विक्रय करने वालों के खिलाफ विभाग की यह कार्रवाई निरंतर जारी रहेगी।
इनकी रही अहम भूमिका
इस सफल और बड़ी कार्रवाई को अंजाम देने में आबकारी उपनिरीक्षक सर्वेश नागवंशी, हरे सिंह उइके, भानु पुशाम, प्रधान आरक्षक विजय कमलेश, कन्हैया उइके, नेतराम काकोटिया, बिहारी लाल साहू, विकास कौरव और हिमांशी धुर्वे सहित पूरे आबकारी बल की अहम उपस्थिति और भूमिका रही।










