श्री सूर्य कुंड धाम में सात को मनाएंगे श्री हनुमान प्राकट्य उत्सव

Advertisements

श्री सूर्य कुंड धाम में सात नवंबर को मनेगा श्री हनुमान प्राकट्य उत्सव

भव्य अभिषेक और अनुष्ठान की तैयारियां पूर्ण

  • नरक चौदस पर होगा बाल रूप दर्शन व सहस्त्रार्चन
  • शनि पीडितों के लिए विशेष आशीर्वाद का स्वर्णिम अवसर

मंडला महावीर न्यूज 29. मंडला जिले के सुप्रसिद्ध सिद्ध पीठ श्री सूर्य कुंड धाम में प्रतिवर्षानुसार इस वर्ष भी आगामी 7 नवंबर शनिवार को कार्तिक कृष्ण चतुर्दशी यानी नरक चौदस के पावन अवसर पर श्री हनुमान का प्राकट्य उत्सव बड़े ही धूमधाम और श्रद्धा के साथ मनाया जाएगा। आयोजन को लेकर मंदिर समिति और श्रद्धालुओं में खासा उत्साह देखा जा रहा है।

आयोजकों ने बताया कि श्री सूर्य कुंड धाम में श्री हनुमान जी के प्राकट्य की तिथि कार्तिक कृष्ण चतुर्दशी नरक चौदस एवं चैत्र शुक्ल पूर्णिमा दोनों ही मानी जाती हैं। कल्प भेद और मतान्तर के चलते दोनों ही तिथियों में हनुमान जी का प्राकट्य माना गया है। जिस प्रकार विश्व प्रसिद्ध सालासर बालाजी धाम में नरक चौदस के दिन हनुमान जन्मोत्सव का भव्य पर्व मनाया जाता है, ठीक उसी प्राचीन परंपरा का पालन करते हुए श्री सूर्य कुंड धाम में भी इस दिन विशेष और भव्य आयोजन संपन्न होंगे।

प्रात: 5 बजे से शुरू होंगे धार्मिक अनुष्ठान 

उत्सव के दिन प्रात: 5 बजे से विशेष धार्मिक अनुष्ठानों का शुभारंभ होगा। इस दौरान महाराज जी का भव्य अभिषेक किया जाएगा, जिसमें मुख्य रूप से लाल जी का अनावृत दर्शन, पंचगव्य एवं अमृत से अभिषेक, मनमोहक बाल रूप दर्शन, दिव्य गौवृती भोग और तुलसी दल से सहस्त्रार्चन संपन्न होगा। इस पूरे अनुष्ठान का आचार्यत्व पं. राम गोपाल शास्त्री नीलू महाराज एवं शिवम महाराज द्वारा किया जाएगा।

शनि पीडि़त भक्तों के लिए विशेष अवसर 

मंदिर समिति ने बताया कि नरक चौदस के इस पावन पर्व पर श्री सूर्य कुंड धाम में हनुमान जी की आराधना करना शनि की दशा से पीडि़त लोगों के लिए विशेष आशीर्वाद प्राप्त करने का एक स्वर्णिम अवसर है। श्री सूर्य कुंड हनुमान जी महा आरती भंडारा समिति ने क्षेत्र के समस्त धर्मप्रेमी और श्रद्धालुओं से विनम्र आग्रह किया है कि वे इस शुभ घड़ी में अपनी उपस्थिति दर्ज कराकर धर्म लाभ लें।


Leave a Comment