चिया की खेती और विभागीय कार्यों की हुई समीक्षा
- बेहतर कार्य करने वाली समितियों और आदर्श ग्राम बनाने वालों को मिलेगा प्रशस्ति पत्र
- बीजाडांडी जनपद पंचायत सभाकक्ष में जुटे प्रस्फुटन समितियों के सदस्य
मंडला महावीर न्यूज 29. मप्र जन अभियान परिषद के तत्वावधान में जनपद पंचायत बीजाडांडी के सभाकक्ष में विकासखंड स्तरीय बैठक का आयोजन किया गया। बैठक में विभिन्न प्रस्फुटन समितियों के अध्यक्ष, सचिव, सदस्यगण, परामर्शदाता, नवांकुर संस्था के प्रतिनिधि और सीएमसीएलडीपी के छात्र-छात्राएं बड़ी संख्या में उपस्थित रहे। कार्यक्रम का शुभारंभ माँ सरस्वती के तैलचित्र के समक्ष दीप प्रज्ज्वलन और माल्यार्पण के साथ किया गया, जिसके बाद उपस्थित अतिथियों का स्वागत किया गया।
बैठक के दौरान आत्मा परियोजना से उपस्थित मोहित गोल्हानी ने किसानों और समितियों को चिया बीज की खेती के विषय में विस्तार पूर्वक जानकारी दी। उन्होंने इसकी उपयोगिता, मुनाफे और कृषि तकनीक पर प्रकाश डालते हुए स्थानीय स्तर पर इसे अपनाने के लिए प्रेरित किया। बैठक की रूपरेखा विकासखंड समन्वयक श्रीमती मंजुलता पांडेय द्वारा रखी गई।
विभिन्न महत्वपूर्ण विषयों पर हुई गहन समीक्षा
बैठक में परिषद के आगामी और चल रहे कार्यों को लेकर कई प्रमुख बिंदुओं पर विस्तृत चर्चा एवं समीक्षा की गई, जिनमें मुख्य रूप से सड़कों के छोर पर प्रस्फुटन समितियों द्वारा अनिवार्य रूप से बोर्ड और फ्लेक्स लगाना। कार्यालयीन दस्तावेजों का उचित संधारण, रजिस्टर और फाइलों को व्यवस्थित रखना। प्रस्फुटन समितियों की नियमित मासिक बैठकों का आयोजन। जन अभियान परिषद द्वारा संचालित विभिन्न विकास कार्यों में विशेष सहयोग प्रदान करना। जल गंगा संवर्धन अभियान के अंतर्गत प्रभावी कार्य करना। नर्मदा तट के अंतर्गत आने वाले क्षेत्रों में समितियों के कार्य और उनके नए गठन की प्रक्रिया। ग्राम पंचायत स्तर पर संचालित शासकीय व सामाजिक कार्यों में सक्रिय सहयोग देना।
उत्कृष्ट कार्य करने वालों को मिलेगा प्रशस्ति पत्र
बैठक के दौरान यह घोषणा की गई कि जो समितियां और क्षेत्र बेहतर और सराहनीय कार्य करेंगी, उन्हें जिला स्तर पर प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया जाएगा। इसके साथ ही गांवों को आदर्श ग्राम के रूप में विकसित करने वाले कार्यकर्ताओं और समितियों को भी जिला प्रशासन व परिषद द्वारा प्रशस्ति पत्र देकर प्रोत्साहित करने की बात कही गई। इस अवसर पर नवांकुर संस्था की सचिव श्रीमती नीतू मिश्रा, जगत सिंह परते, हरिलाल परते, परामर्शदाता आदित्य मिश्रा, बद्री प्रसाद मरकाम, देव प्रकाश पांडे, श्रद्धा तिवारी सहित बड़ी संख्या में सीएमसीएलडीपी के विद्यार्थी और ग्रामीणजन उपस्थित रहे।











