नगर में गूंजे माता रानी के जयकारे
सिंधु नवयुवक मंडल ने निकाली भव्य विसर्जन शोभायात्रा
- भक्ति गीतों पर झूमे श्रद्धालु
- महादेव की सवारी और डांडिया ने मोहा मन
- नावघाट में नम आंखों से दी गई जगत जननी को विदाई
मंडला महावीर न्यूज 29। सिंधु नवयुवक मंडल द्वारा स्थापित मां जगत जननी की प्रतिमा का भव्य शोभायात्रा के साथ चल समारोह निकाला गया। माता रानी की विदाई के दौरान नगर में श्रद्धालुओं का उत्साह और भक्ति देखते ही बन रही थी।
यह विशाल शोभायात्रा अंबेडकर वार्ड स्थित श्री गुरुद्वारा साहिब से प्रारंभ हुई। इस दौरान बैंड-बाजे, धमाल और भगवान महादेव की भव्य सवारी विशेष आकर्षण का केंद्र रही। इसके साथ ही आकर्षक वेशभूषा में सजी शैतानों की टोली ने भी लोगों का खूब ध्यान खींचा।
नगर के प्रमुख मार्गों से गुजरी इस शोभायात्रा में श्रद्धालु माता रानी के लोकप्रिय भजनों और भक्ति गीतों पर जमकर थिरकते नजर आए। जगह-जगह भक्तों ने डांडिया, नृत्य और गायन की शानदार प्रस्तुतियां देकर पूरे माहौल को पूर्णतः भक्तिमय बना दिया। अंत में शोभायात्रा नावघाट स्थित विसर्जन स्थल पर पहुंची, जहां श्रद्धालुओं ने विधि-विधान से पूजन कर नम आंखों के साथ माता रानी को विदाई दी।










