मंडला-जबलपुर हाईवे पर कार और पिकअप की जोरदार भिड़ंत, 1 महिला की मौत, 13 घायल
- सब्जी खरीदने मंडला आ रहे थे ग्रामीण
- फूलसागर पुल पर हुआ हादसा, 3 की हालत गंभीर
मंडला महावीर न्यूज 29. मंडला-जबलपुर नेशनल हाईवे-30 पर फूलसागर के पास एक कार और पिकअप वाहन के बीच सुबह करीब 6 से 7 बजे के बीच आमने-सामने भीषण भिड़ंत हो गई। इस सड़क हादसे में पिकअप में सवार 13 लोग घायल हो गए। सभी घायलों को तत्काल जिला अस्पताल मंडला में भर्ती कराया गया, जहां इलाज के दौरान एक महिला ने दम तोड़ दिया।
जानकारी अनुसार मृतिका की पहचान टिकरिया थाना क्षेत्र के ग्राम चमरवाह निवासी 50 वर्षीय सिमीया बाई सैयाम पति शिवप्रसाद के रूप में हुई है। घटना में घायल हुए 13 लोगों में से तीन की हालत गंभीर बताई जा रही है, जबकि अन्य घायलों की स्थिति सामान्य है। सभी का जिला अस्पताल में उपचार जारी है।
सब्जी खरीदने आ रहे थे ग्रामीण
बताया गया कि चमरवाह और उसके आसपास के गांवों के ग्रामीण एक पिकअप वाहन में सवार होकर सब्जी खरीदने के लिए मंडला आ रहे थे। उसी समय मंडला से जबलपुर की दिशा में जा रही एक कार से फूलसागर पुल के पास उनकी सीधी टक्कर हो गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि पिकअप सवार लोग बुरी तरह घायल हो गए। घटना की सूचना मिलते ही कोतवाली पुलिस ने मौके पर पहुंचकर मोर्चा संभाला। पुलिस ने मर्ग कायम कर लिया है और हादसे के विस्तृत कारणों की जांच कर रही है।










