नदी में नहाने गए दादा और 5 वर्षीय मासूम पोती की डूबने से मौत

Advertisements

नदी में नहाने गए दादा और 5 वर्षीय मासूम पोती की डूबने से मौत

  • दतला नाले के गहरे पानी में समाई दो जिंदगियां
  • नाती की सूचना पर ग्रामीणों ने निकाले शव, गांव में पसरा मातम

मंडला महावीर न्यूज 29. मंडला जिले के महाराजपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम सुरंगदेवरी के दतला नाला में नहाने गए एक 55 वर्षीय वृद्ध और उनकी 5 वर्षीय मासूम पोती की गहरे पानी में डूबने से मौत हो गई। एक ही परिवार के दो सदस्यों की अचानक मौत से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है और पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई है।
जानकारी अनुसार सुरंगदेवरी निवासी 55 वर्षीय पिल्लू लाल उइके अपनी पांच वर्षीय मासूम पोती पुष्पांजलि के साथ घर से करीब 200 मीटर दूर स्थित दतला नाले में नहाने के लिए गए हुए थे। नहाते समय दोनों अचानक नदी के गहरे पानी में चले गए और डूबने लगे। काफी देर तक जब दोनों पानी से बाहर नहीं आए, तो वहां मौजूद उनके नाती को संदेह हुआ और उसने तत्काल दौड़कर परिजनों को इस बात की सूचना दी।
ग्रामीणों ने निकाले शव, डॉक्टरों ने किया मृत घोषित 

सूचना मिलते ही बदहवास परिजन और अन्य ग्रामीण तुरंत मौके पर पहुंचे। ग्रामीणों की मदद से दोनों को नदी से बाहर निकाला गया और आनन-फानन में अस्पताल ले जाया गया। हालांकि, अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टरों ने जांच के बाद दादा और पोती दोनों को मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना मिलने पर महाराजपुर पुलिस ने मामले को संज्ञान में लिया है और मर्ग कायम कर आगे की जांच कर रही है।


 

Leave a Comment