मां खोडियार दरबार सेवा समिति ने श्रद्धा और उल्लास के साथ किया जवारे विसर्जन
- पड़ाव दुर्गा मंदिर से वाल्मीकि घाट तक निकली विसर्जन यात्रा
- नर्मदा तट पर विधि-विधान से की गई पूजा-अर्चना
मंडला महावीर न्यूज 29. प्रतिवर्ष की तरह इस वर्ष भी शारदीय नवरात्रि की नवमी तिथि के पावन अवसर पर मां खोडियार दरबार सेवा समिति द्वारा पूरी श्रद्धा और भक्तिभाव के साथ जवारे विसर्जन कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस दौरान माता रानी के भक्तों ने धार्मिक परंपराओं का निर्वहन करते हुए एक भव्य विसर्जन यात्रा निकाली, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए।
समिति द्वारा आयोजित जवारे विसर्जन यात्रा पड़ाव स्थित दुर्गा मंदिर से प्रारंभ हुई। यह यात्रा नगर के विभिन्न मार्गों से होते हुए भगवान वाल्मीकि घाट पहुंची। यहां घाट पर मां नर्मदा के पावन तट पर वैदिक मंत्रोच्चार और पूरे विधि-विधान से पूजा-अर्चना संपन्न की गई।
नर्मदा आरती के बाद किया महाप्रसाद वितरण
विसर्जन से पूर्व श्रद्धालुओं ने मां नर्मदा की महाआरती उतारी और जवारों का विशेष पूजन कर माता रानी से सुख-समृद्धि की अरदास की। इसके बाद पूर्ण भक्तिभाव के साथ जवारों का मां नर्मदा के जल में विसर्जन किया गया। कार्यक्रम के अंत में उपस्थित सभी श्रद्धालुओं को प्रसादी वितरित की गई। पूरे आयोजन के दौरान अपार श्रद्धा और धार्मिक उल्लास का वातावरण देखने को मिला।










