सूने मकान का ताला तोड़कर 30 लाख से अधिक के जेवर और नकदी ले उड़े चोर
महाराजपुर में थाने से चंद कदमों की दूरी पर बड़ी वारदात
- त्योहारी सीजन में पुलिस की सुरक्षा व्यवस्था की खुली पोल
- डॉग स्क्वॉड और फॉरेंसिक टीम जांच में जुटी, लगातार हो रही वारदातों से लोगों में दहशत
मंडला महावीर न्यूज 29. जिले में चोरी और लूट की वारदातें थमने का नाम नहीं ले रही हैं। त्योहारी सीजन में पुलिस की चाक-चौबंद सुरक्षा व्यवस्था के दावों की उस वक्त पोल खुल गई, जब महाराजपुर थाना क्षेत्र में थाने से कुछ ही दूरी पर स्थित एक सूने मकान को निशाना बनाकर चोरों ने लाखों रुपये की बड़ी चोरी को अंजाम दिया। अज्ञात बदमाश मकान का मुख्य द्वार और अलमारी का लॉकर तोड़कर 30 लाख रुपये से अधिक के सोने-चांदी के जेवर और करीब 50 हजार रुपये की नकदी ले उड़े।
दिनदहाड़े सूने मकान को बनाया निशाना
जानकारी अनुसार दादा धनीराम वार्ड निवासी तोफीक खान पिता स्व. तनवीर खान के घर सोमवार दोपहर करीब 2 बजे ताला लगा हुआ था। परिवार के सभी सदस्य अपने-अपने काम से बाहर गए हुए थे। रात करीब 9 बजे जब तोफीक घर लौटे तो मुख्य द्वार का ताला टूटा हुआ मिला। अंदर जाकर देखा तो अलमारी का लॉकर भी टूटा पड़ा था और उसमें रखे लाखों के जेवर व नकदी गायब थे। घटना को देखकर उनके होश उड़ गए और उन्होंने तत्काल पुलिस को सूचना दी।
पिता के निधन के बाद परिवार पर टूटा मुसीबतों का पहाड़
पीडि़त तोफीक खान ने बताया कि उनके पिता का निधन हो चुका है और घर में उनके साथ मां व छोटी बहन रहती हैं। इस भीषण चोरी से परिवार को गहरा आर्थिक और मानसिक आघात पहुंचा है।
डॉग स्क्वॉड और फॉरेंसिक टीम जांच में जुटी
लाखों की चोरी की सूचना मिलते ही पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी तत्काल मौके पर पहुंचे। डॉग स्क्वॉड और फॉरेंसिक टीम की मदद से घटनास्थल की बारीकी से जांच शुरू की गई। मंगलवार को थाने में एफआईआर दर्ज करने की प्रक्रिया जारी थी। पुलिस चोरी के तरीके और घटनास्थल से मिले साक्ष्यों के आधार पर सुराग तलाशने में जुटी है।
सुरक्षा व्यवस्था पर उठे गंभीर सवाल
महाराजपुर सहित जिला मुख्यालय और अन्य क्षेत्रों में हाल के दिनों में लगातार सामने आ रही आपराधिक घटनाओं ने पुलिस की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। त्योहारी सीजन में पुलिस के दावों के बीच हुई इस दुस्साहसिक वारदात से स्थानीय लोगों में भारी चिंता और दहशत है। लोगों का कहना है कि अब जरूरी काम से कुछ समय के लिए भी घर सूना छोडऩा सुरक्षित नहीं रह गया है।









