घाटों से हटाई गई पॉलीथिन, साबुन-शैंपू का उपयोग न करने की अपील
- नर्मदा तट पर संपन्न हुआ स्वच्छता ही सेवा संकल्प अभियान
- आमजन से की घाटों को स्वच्छ रखने की अपील, लिया निर्मल नर्मदा का संकल्प
मंडला महावीर न्यूज 29. नर्मदा तट पर चलाए जा रहे स्वच्छता ही सेवा संकल्प अभियान का विधिवत समापन किया गया। समापन समारोह में एलआईसी प्रबंधक उमेश शुक्ला मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। इस अवसर पर उनके नेतृत्व में एलआईसी के सभी विभागों के अधिकारी, कर्मचारियों और अभिकर्ता साथियों ने मिलकर नर्मदा तट पर विशेष स्वच्छता अभियान चलाया।
स्वच्छता अभियान के दौरान सभी ने श्रमदान करते हुए नर्मदा के घाटों की साफ-सफाई की और वहां बिखरी पॉलीथिन व अन्य कचरे को अलग कर घाटों को स्वच्छ बनाया। इस दौरान जन-जागरूकता के तहत आम जनता को विशेष संदेश दिया गया कि निर्मल नर्मदा को स्वच्छ बनाए रखने के लिए नदी में स्नान के दौरान साबुन और शैंपू का प्रयोग बिल्कुल न करें तथा घाटों पर किसी भी प्रकार की गंदगी न फैलाएं।
नर्मदा की स्वच्छता हमारा नैतिक कर्तव्य
कार्यक्रम का संयोजन कर रहे पर्यावरणविद् राजेश छत्री ने निगम के सभी अधिकारियों और कर्मचारियों का आभार व्यक्त किया। उन्होंने उपस्थित जनसमूह को संबोधित करते हुए कहा कि माँ नर्मदा का तट हम सभी के लिए है। इसकी सुंदरता और स्वच्छता बनाए रखना हम सभी का नैतिक कर्तव्य है। नर्मदा के घाटों की संस्कृति, सभ्यता, हमारी परंपराएं और रीति-रिवाज हमें हमारी विरासत से प्राप्त हुए हैं, इसलिए इनकी सुरक्षा और रक्षा करने का दायित्व भी हम पर ही है।
श्रमदान में इनकी रही प्रमुख सहभागिता
सेवा संकल्प के समापन अवसर पर एलआईसी प्रबंधक उमेश शुक्ला ने सभी अतिथियों और सहभागियों का आभार जताया। इस स्वच्छता कार्यक्रम में राजेश दीक्षित, त्रिलोक सिंधिया, प्रवीण जैन, एसएस पुषाम, लोचन झरिया, राजेश रजक, अभिकर्ता साथी फिरोज अहमद खान, अशोक बरमैया, सुदेश सिंह ठाकुर, डॉ. बृजेश चौरसिया सहित बीमा निगम के अनेक सदस्य एवं स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।









