ग्रामीणों को सिखाए सुरक्षित डिजिटल लेनदेन

वित्तीय साक्षरता के लिए मंडला के ग्रामीण अंचलों में आयोजित किया गया जन-जागरूकता अभियान

  • ग्रामीणों को सिखाए सुरक्षित डिजिटल लेनदेन
  • बचत और धोखाधड़ी से बचाव के तरीके

मंडला महावीर न्यूज 29. भारतीय रिज़र्व बैंक के सहयोग से समर्पित संस्था द्वारा संचालित सेंटर फॉर फाइनेंशियल लिटरेसी मंडला के तत्वावधान में ग्रामीण क्षेत्रों में वित्तीय साक्षरता को बढ़ावा देने के लिए एक व्यापक जन-जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस अभियान के तहत एक विशेष प्रचार गाड़ी के माध्यम से गांव-गांव जाकर लोगों को सुरक्षित और आधुनिक बैंकिंग के प्रति जागरूक किया गया।बताया गया कि इस अभियान का मुख्य उद्देश्य ग्रामीण समुदाय, विशेषकर आर्थिक रूप से कमजोर एवं निम्न आय वर्ग के नागरिकों को औपचारिक बैंकिंग सेवाओं से जोडऩा और उनमें सुरक्षित व जिम्मेदार वित्तीय व्यवहार विकसित करना है। कार्यक्रम के दौरान लोगों को नियमित बचत का महत्व, बीमा व पेंशन योजनाओं की जानकारी और वित्तीय धोखाधड़ी से बचाव के उपायों के बारे में सरल एवं व्यावहारिक रूप से समझाया गया।

ऑडियो संदेश और पंपलेट से किया जागरूक 

वित्तीय साक्षरता की यह प्रचार गाड़ी गांव और आसपास के विभिन्न प्रमुख चौराहों व स्थलों पर पहुंची। यहां ऑडियो संदेशों, सूचना पोस्टरों और पंपलेट वितरण के साथ-साथ सीधे संवाद के जरिए ग्रामीणों को जागरूक किया गया। उपस्थित लोगों को बैंक खाता संचालन, एटीएम और यूपीआई जैसे डिजिटल भुगतान प्रणालियों के सुरक्षित उपयोग, साइबर धोखाधड़ी से बचाव और विभिन्न सरकारी वित्तीय समावेशन योजनाओं की विस्तृत जानकारी दी गई।

कार्यक्रम में इनकी रही भूमिका 

समर्पित संस्था की टीम ने ग्रामीणों को औपचारिक बैंकिंग प्रणाली से जुडऩे और सुरक्षित लेन-देन अपनाने के लिए प्रेरित किया। इस सफल जागरूकता कार्यक्रम में सेंटर इंचार्ज लोकेश तेकाम, आरओ लक्ष्मी पटेल, बीसी शिवप्रसाद नंदा, बीसी मनीष सिंगौर, बीस नाजिम साही, समर्पित संस्था प्रमुख पीएल खेरवार सहित बिलासपुर छत्तीसगढ़ से आई कला जत्था टीम की विशेष उपस्थिति और सराहनीय योगदान रहा।


 

Leave a Comment