तलवार, लेजियम और भाले के साथ वीरांगनाओं ने किया अद्भुत गरबा

वीरांगना क्षत्राणी गरबा मंडला में नारी शक्ति और शौर्य का संगम

  • तलवार, लेजियम और भाले के साथ वीरांगनाओं ने किया अद्भुत गरबा
  • पारंपरिक वेशभूषा में महिलाओं ने दिखाया अदम्य साहस, सशक्तिकरण का दिया संदेश

मंडला महावीर न्यूज 29. शारदीय नवरात्रि के पावन पर्व पर मंडला नगर में नारी शक्ति, साहस और शौर्य की गौरवशाली संस्कृति का एक अद्भुत नजारा देखने को मिला। वीरांगना दल समिति के तत्वावधान में स्थानीय कृषि उपज मंडी परिसर में वीरांगना क्षत्राणी गरबा का आयोजन किया गया। इस अनूठे गरबा महोत्सव में शहर की बालिकाओं और महिलाओं ने पारंपरिक वेशभूषा धारण कर केवल डांडिया ही नहीं, बल्कि तलवार, लेजियम और भाले के साथ साहसिक प्रस्तुतियां देकर दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। बताया गया कि आयोजन का मुख्य आकर्षण बालिकाओं द्वारा प्रस्तुत किया गया शौर्य प्रदर्शन रहा। पारंपरिक गरबा नृत्य के साथ इन वीरांगनाओं ने तलवारबाजी और भाला संचालन की कला का उत्कृष्ट प्रदर्शन किया। इस प्रस्तुति ने न केवल भारतीय संस्कृति की गौरवशाली परंपरा को जीवंत किया, बल्कि समाज में महिलाओं की आत्मरक्षा, निडरता और वीरता की भावना का भी सशक्त संदेश दिया। नन्ही बालिकाओं से लेकर विभिन्न आयु वर्ग की महिलाओं ने इसमें पूरे उत्साह के साथ अपनी सहभागिता दर्ज कराई।

कठोर प्रशिक्षण से निखरी वीरांगनाओं की प्रतिभा 

इस भव्य और साहसिक आयोजन को सफल बनाने के लिए उत्कृष्ट विद्यालय परिसर में सुबह और शाम के समय नियमित प्रशिक्षण शिविर आयोजित किया गया था। आर्योदय गुरुकुलम, जयपुर से विशेष रूप से पधारे आचार्य सत्यम और मंडला की वीरांगना दल संयोजिका प्रीति मौर्य ने सभी प्रतिभागियों को गरबा की बारीकियों के साथ-साथ लेजियम, भाला और तलवार के सुरक्षित एवं कलात्मक संचालन का कड़ा अभ्यास कराया। यह पूरा आयोजन काशी विश्वनाथ वैदिक गुरुकुल, गाजीपुर के विशेष सहयोग से सफलतापूर्वक संपन्न हुआ।

आत्मविश्वास और सशक्तिकरण है मुख्य उद्देश्य 

वीरांगना दल समिति ने बताया कि इस आयोजन का मुख्य उद्देश्य बालिकाओं और महिलाओं के भीतर आत्मविश्वास जगाना, उन्हें शारीरिक व मानसिक रूप से आत्मनिर्भर बनाना और महिला सशक्तिकरण की भावना को जमीनी स्तर पर बढ़ावा देना है।

अतिथियों ने बढ़ाया उत्साह 

इस शौर्यपूर्ण गरबा आयोजन में मुख्य अतिथि के रूप में समाजसेवी श्रद्धा उइके, प्रिया धुर्वे, वंदना अवस्थी, सरिता अग्निहोत्री और मंडला महिला थाना की उपनिरीक्षक एसआई आकांक्षा उरमलिया विशेष रूप से उपस्थित रहीं। इसके अलावा सार्वजनिक दुर्गोत्सव समिति, अनाज तिलहन व्यापारी संघ और कृषि उपज मंडी के सम्मानित सदस्यों ने भी उपस्थित होकर वीरांगनाओं की प्रस्तुति को सराहा और उनका उत्साहवर्धन किया।


Leave a Comment