बुधवारी चौक का नाम बदलकर भगत सिंह चौक करने की उठी मांग

Advertisements

बुधवारी चौक का नाम बदलकर भगत सिंह चौक करने की उठी मांग

प्रतिमा स्थल पर गंदगी देख भड़के जनप्रतिनिधि

  • नगर पालिका पर लगाया शहीदों के स्मारकों की उपेक्षा और लापरवाही का आरोप
  • शहीद भगत सिंह की जयंती पर किया माल्यार्पण

मंडला महावीर न्यूज 29. नगर के बुधवारी चौक स्थित अमर शहीद भगत सिंह की प्रतिमा पर उनकी जन्म जयंती के अवसर पर माल्यार्पण कर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की गई। इस कार्यक्रम में पूर्व नगर पालिका अध्यक्ष सुनील दुबे, आम आदमी पार्टी जिलाध्यक्ष पंकज सोनी, पत्रकार परिषद के जिलाध्यक्ष नीरज अग्रवाल और भारतीय सेवा परिषद के अध्यक्ष अजय वंशकार मुख्य रूप से उपस्थित रहे। कार्यक्रम के दौरान जहां अमर शहीद के सर्वोच्च बलिदान को नमन किया गया, वहीं प्रतिमा स्थल की दुर्दशा को लेकर नगर पालिका की कार्यप्रणाली पर तीखे सवाल भी उठाए गए।

बुधवारी चौक का नाम बदलने की उठी मांग 

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए पूर्व नगर पालिका अध्यक्ष सुनील दुबे ने कहा कि उनके कार्यकाल में देश के अमर शहीदों की कई प्रतिमाएं नगर में स्थापित कराई गई थीं, जिन्हें नागपुर में विशेष रूप से तैयार किया गया था। लेकिन वर्तमान में नगर पालिका इन प्रतिमाओं की सुरक्षा और संरक्षण को लेकर भारी लापरवाही बरत रही है। उन्होंने पुरजोर मांग करते हुए कहा कि अब समय आ गया है कि बुधवारी चौक का नामकरण ऐतिहासिक महत्व को देखते हुए शहीद भगत सिंह चौक के रूप में किया जाना चाहिए।

साफ-सफाई न होने पर आप जिलाध्यक्ष ने जताई कड़ी नाराजगी 

आम आदमी पार्टी के जिलाध्यक्ष पंकज सोनी ने जयंती जैसे राष्ट्रीय महत्व के दिन पर प्रतिमा स्थल के आसपास साफ-सफाई न होने पर कड़ी नाराजगी व्यक्त की। उन्होंने कहा कि आज के दिन भी यहां गंदगी का होना नगर पालिका की लापरवाही को सीधे तौर पर प्रमाणित करता है। उन्होंने आरोप लगाया कि शहीदों के स्मारकों के सौंदर्यीकरण और उचित देखरेख में भी लगातार कोताही बरती जा रही है, जो शहीदों का अपमान है।

चरित्र और कर्मों से होती है वास्तविक पहचान 

अपने प्राणों की आहुति देने वाले महान क्रांतिकारी को नमन करते हुए कार्यक्रम में उपस्थित समाजसेवियों ने उनके उच्च आदर्शों का स्मरण किया। वक्ताओं ने कहा कि शहीद भगत सिंह जैसे राष्ट्र भक्तों ने अपने व्यक्तिगत स्वार्थ से ऊपर उठकर देश की स्वतंत्रता और राष्ट्र हित को अपने जीवन का एकमात्र उद्देश्य बनाया। उनका जीवन त्याग, कर्तव्यनिष्ठा, समर्पण और संकल्प का एक ऐसा प्रेरणादायी उदाहरण है, जो आने वाली पीढिय़ों को भी राष्ट्र के प्रति अपने दायित्वों का निर्वहन करने की प्रेरणा देता रहेगा। वक्ताओं ने कहां कि किसी भी व्यक्ति की वास्तविक पहचान उसके पद या संपत्ति से नहीं, बल्कि उसके चरित्र और कर्मों से होती है। समय के साथ भौतिक चीजें धुंधली पड़ सकती हैं, लेकिन भगत सिंह जैसे महान व्यक्तित्वों के आदर्श और उनके चरित्र की छाप समाज में हमेशा के लिए अमिट रहती है।


Leave a Comment