70वीं राज्य शालेय वूशु प्रतियोगिता में मंडला का दबदबा
राष्ट्रीय टीम में मंडला के दो खिलाडिय़ों ने बनाई जगह
- अनुज और हर्ष ने जीता स्वर्ण, राष्ट्रीय स्पर्धा के लिए हुए चयनित
- वूशु राज्य स्तरीय स्पर्धा में 2 स्वर्ण, 1 रजत और 1 कांस्य पदक जीतकर बढ़ाया जिले का मान
मंडला महावीर न्यूज 29. हाल ही में आयोजित 70वीं राज्य शालेय खेल प्रतियोगिता के अंतर्गत वूशु स्पर्धा में मंडला जिले के खिलाडिय़ों ने अपने शानदार खेल कौशल का प्रदर्शन करते हुए पूरे प्रदेश में जिले का नाम रोशन किया है। इस राज्य स्तरीय स्पर्धा में जिले के खिलाडिय़ों ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए कुल चार पदक अपने नाम किए हैं, जिनमें से दो खिलाडिय़ों का चयन राष्ट्रीय प्रतियोगिता के लिए हुआ है।
राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में मंडला जिले का प्रतिनिधित्व अनुज रजक, हर्ष बनवाला, श्रेयांश चौरसिया, प्रखर बर्मन, लवलीन कुकरेजा और गरिमा ने किया। स्पर्धा में अपने प्रतिद्वंद्वियों को पछाड़ते हुए अनुज रजक और हर्ष बनवाला ने शानदार प्रदर्शन किया और स्वर्ण पदक पर कब्जा जमाया। इस स्वर्णिम जीत के साथ ही दोनों खिलाडिय़ों ने आगामी राष्ट्रीय शालेय वूशु प्रतियोगिता के लिए मध्यप्रदेश की टीम में अपना स्थान सुनिश्चित कर लिया है। वहीं स्पर्धा में श्रेयांश चौरसिया ने भी बेहतरीन खेल दिखाते हुए रजत पदक हासिल किया, जबकि प्रखर बर्मन ने कांस्य पदक अर्जित कर मंडला जिले को गौरवान्वित किया है।
संभागीय स्तर पर जीते थे 6 स्वर्ण
बताया गया कि इससे पूर्व आयोजित हुई संभागीय वूशु प्रतियोगिता में भी मंडला के खिलाडिय़ों का दबदबा रहा था। उस दौरान मंडला के 6 खिलाडिय़ों ने स्वर्ण पदक जीतकर राज्य स्तरीय प्रतियोगिता के लिए अपना स्थान पक्का किया था। उसी लय को बरकरार रखते हुए खिलाडिय़ों ने राज्य स्तर पर भी पदकों की झड़ी लगा दी।
अधिकारियों और प्रशिक्षक ने दी बधाई
खिलाडिय़ों की इस उल्लेखनीय उपलब्धि पर वूशु प्रशिक्षक पूर्णिमा रजक ने सभी को बधाई दी। उन्होंने कहा कि यह सफलता खिलाडिय़ों की कड़ी मेहनत, अनुशासन और निरंतर अभ्यास का ही सुखद परिणाम है। वहीं, जिला शिक्षा अधिकारी श्रीमती मुन्नी बरकड़े और जिला खेल अधिकारी श्री कांधीलाल मरकाम ने भी सभी विजेता खिलाडिय़ों और उनकी प्रशिक्षक को शुभकामनाएं दीं। अधिकारियों ने अनुज और हर्ष को आगामी राष्ट्रीय प्रतियोगिता में भी उत्कृष्ट प्रदर्शन कर प्रदेश और जिले का नाम रोशन करने की शुभकामनाएं दी हैं। मंडला जिले के दो खिलाडिय़ों का राष्ट्रीय शालेय प्रतियोगिता के लिए चयन होना पूरे जिले और खेल जगत के लिए अत्यंत गर्व और प्रेरणा का विषय है।











