धूमधाम से निकली उदय चौक के राजा की भव्य विसर्जन यात्रा
ढोल, नगाड़े और डीजे की धुन में थिरके भक्त, उमड़ा श्रद्धा का जनसैलाब
मंडला महावीर न्यूज 29. शहर के प्रतिष्ठित और बहुचर्चित उदय चौक के राजा का 19वां गणेशोत्सव भव्य विसर्जन यात्रा के साथ संपन्न हो गया। इस विदाई शोभायात्रा में भगवान गणेश को विदा करने के लिए दूर-दराज से आए श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ पड़ी, जिससे पूरा शहर गणपति बप्पा के जयकारों से गूंज उठा।
उदय चौक से शुरू हुई यह विशाल शोभायात्रा शहर के मुख्य मार्गों से होकर गुजरी। यात्रा में श्रद्धालुओं का उत्साह देखते ही बन रहा था। गलियों और सड़कों पर भीड़ इतनी अधिक थी कि वाहनों का मार्ग परिवर्तित करना पड़ा। शोभायात्रा में बजते डीजे, उड़ते गुलाल, ढोल-ताशा और वाद्य दलों की धुनों पर थिरकते नर्तकों ने शानदार समां बांधा। इसके साथ ही सड़क पर उकेरी गई आकर्षक रंगोली, कलर स्मोक और हैरतअंगेज फायर शो ने समारोह में चार चांद लगा दिए।
गणेशोत्सव समिति ने इस वर्ष भी पंडाल की सजावट और आकर्षक लाइटिंग में कोई कसर नहीं छोड़ी थी। समिति के सदस्यों ने बताया कि हर साल नए आकर्षण जोडऩे के उनके निरंतर प्रयासों का ही परिणाम है कि यह आयोजन सिर्फ मंडला नगर ही नहीं, बल्कि पूरे जिले और जिले के बाहर भी चर्चा का विषय रहता है। उत्सव के दौरान श्रद्धालुओं के सुगम दर्शन के लिए विशेष व्यवस्थाएं की गई थीं, जिसका लाभ उठाकर दूर-दूर से आए भक्तों ने उदय चौक के राजा का पूजन व दर्शन लाभ लिया।
शोभायात्रा के दौरान शांति और सुचारू यातायात व्यवस्था बनाए रखने के लिए पूरे रास्ते पुलिस बल पूरी मुस्तैदी से तैनात रहा। अंत में सभी धार्मिक रीति-रिवाजों और नम आंखों के साथ विसर्जन कुंड में भगवान गणेश की प्रतिमा का विसर्जन कर उन्हें भावभीनी विदाई दी गई।









