मंडला आबकारी विभाग का अवैध शराब ठिकानों पर बड़ा प्रहार
मांद तालाब किनारे 1300 किलो महुआ लाहन और 55 लीटर शराब जब्त
- कलेक्टर के निर्देशन में अंजनिया क्षेत्र में आबकारी टीम की दबिश
- ₹1.38 लाख की सामग्री नष्ट, आरोपी फरार
मंडला महावीर न्यूज 29. कलेक्टर राहुल नामदेव धोटे के निर्देशन में जिला आबकारी विभाग द्वारा अवैध शराब के निर्माण और विक्रय के खिलाफ चलाए जा रहे सघन अभियान के तहत अंजनिया क्षेत्र में एक बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया गया है। जिला आबकारी अधिकारी तथा प्रभारी सहायक जिला आबकारी अधिकारी श्रीमती शैली सैयाम के मार्गदर्शन में मंडला वृत्त की टीम ने मांद तालाब के किनारे चल रहे अवैध शराब निर्माण के ठिकानों पर अचानक दबिश दी।

मौके पर नष्ट किया महुआ लाहन
आबकारी विभाग की इस कार्रवाई के दौरान तालाब किनारे संचालित पांच अवैध अड्डों से लगभग 55 लीटर हाथ भट्टी से बनी कच्ची मदिरा बरामद की गई। इसके साथ ही शराब बनाने के लिए 130 प्लास्टिक डिब्बों में भरकर रखा गया लगभग 1300 किलोग्राम महुआ लाहन भी जब्त किया गया, जिसे आबकारी अमले ने तकनीकी मापदंडों के तहत मौके पर ही नष्ट कर दिया। कार्रवाई के दौरान विभागीय अमले को आते देख आरोपी घने जंगलों का फायदा उठाकर मौके से फरार होने में कामयाब रहे।

अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज
विभाग द्वारा फरार अज्ञात आरोपियों के विरुद्ध मध्य प्रदेश आबकारी अधिनियम की धाराओं के तहत प्रकरण दर्ज कर वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी गई है। आबकारी टीम द्वारा जब्त की गई कच्ची मदिरा और नष्ट किए गए महुआ लाहन की कुल अनुमानित कीमत लगभग 1 लाख 38 हजार रुपये आंकी गई है।
इस महत्वपूर्ण और सफल कार्रवाई में आबकारी उपनिरीक्षक सर्वेश नागवंशी, प्रधान आरक्षक दुर्जन कुलेश, आरक्षक विजय कमलेश, सत्यपाल मरावी, नेतराम ककोटिया, रघुनाथ उइके, महेश पटेल एवं श्रीमती शकुंतला सैयाम सहित पूरे आबकारी अमले की सराहनीय भूमिका रही।










