LLM में गोल्ड मेडल जीतकर प्रगति रजक बनीं नई पीढ़ी की प्रेरणा

मंडला की बेटी ने रचा स्वर्णिम इतिहास

नेशनल लॉ यूनिवर्सिटी के दीक्षांत समारोह में प्रगति रजक को मिला गोल्ड मेडल

  • एलएलएम (LLM) में देश स्तर पर चमकी मंडला की प्रतिभा
  • वरिष्ठ अधिवक्ता एन.के. रजक की सुपुत्री ने जिले का नाम किया रोशन
  • LLM में गोल्ड मेडल जीतकर प्रगति रजक बनीं नई पीढ़ी की प्रेरणा

मंडला महावीर न्यूज 29. प्रतिभा जब परिश्रम का हाथ थाम ले और संकल्प लक्ष्य से जुड़ जाए, तब सफलता इतिहास बन जाती है। मंडला जिले की प्रतिभाशाली बेटी प्रगति रजक ने अपनी अद्वितीय मेहनत, अनुशासन और बौद्धिक क्षमता के बल पर राष्ट्रीय स्तर पर स्वर्णिम सफलता हासिल की है। उन्होंने प्रतिष्ठित धर्मशास्त्र राष्ट्रीय विधि विश्वविद्यालय (DNLU), जबलपुर के तृतीय दीक्षांत समारोह में एल.एल.एम. (LLM) पाठ्यक्रम में सर्वोच्च अंक प्राप्त कर ‘गोल्ड मेडल’ (स्वर्ण पदक) अर्जित किया है।

दीक्षांत समारोह में देश की न्यायपालिका, विधि शिक्षा जगत की नामचीन हस्तियों तथा अनेक विशिष्ट अतिथियों की गरिमामय उपस्थिति में प्रगति को इस सर्वोच्च सम्मान से नवाजा गया। यह उपलब्धि केवल एक व्यक्तिगत सफलता नहीं, बल्कि मंडला के ग्रामीण अंचल की बेटियों की क्षमता और उनके अटूट आत्मविश्वास का एक सशक्त उदाहरण है।

वरिष्ठ अधिवक्ता एन.के. रजक की हैं सुपुत्री

प्रगति रजक, जिला अधिवक्ता संघ मंडला की सदस्य एवं क्षेत्र के वरिष्ठ अधिवक्ता श्री एन.के. रजक की सुपुत्री हैं। प्रगति ने अपनी इस सफलता से यह सिद्ध कर दिया है कि कामयाबी बड़े-बड़े संसाधनों से नहीं, बल्कि लक्ष्य के प्रति सच्चे समर्पण, निरंतर अध्ययन और सकारात्मक सोच से प्राप्त होती है।

नई पीढ़ी के लिए बनीं प्रेरणा: पुस्तकों के पन्नों में छिपा है भविष्य

आज के दौर में जब युवा वर्ग का एक बड़ा हिस्सा समय प्रबंधन की चुनौती और सोशल मीडिया की लत से जूझ रहा है, तब प्रगति की यह असाधारण सफलता एक महत्वपूर्ण सीख देती है। उनकी सफलता बताती है कि मोबाइल की स्क्रीन से अधिक उज्ज्वल भविष्य पुस्तकों के पन्नों में छिपा होता है। नियमित अध्ययन, आत्मानुशासन, धैर्य और सतत प्रयास ही किसी भी विद्यार्थी को सामान्य से असाधारण बना सकते हैं।

जिले में हर्ष की लहर, बधाइयों का ताँता

प्रगति रजक की इस गौरवपूर्ण राष्ट्रीय उपलब्धि पर पूरे मंडला जिले में हर्ष की लहर है। क्षेत्र के शिक्षाविदों, अधिवक्ताओं, सामाजिक संगठनों, जनप्रतिनिधियों एवं शुभचिंतकों ने खुशी जाहिर करते हुए प्रगति को बधाई दी है तथा उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है। उनकी यह सफलता आने वाली पीढ़ियों को यह विश्वास देती है कि “सपने वही सच होते हैं, जिन्हें जागकर पूरा करने का साहस किया जाए।”


Leave a Comment