डिजिटल स्क्रीन और बाला पेंटिंग से बदला ग्रामीण स्कूल का स्वरूप

बम्हनी स्कूल में अब स्मार्ट तरीके से होगी पढ़ाई

  • डिजिटल क्लासरूम और वॉटर कूलर की मिली सौगात
  • आधुनिक शिक्षा की ओर बढ़ते कदम
  • बम्हनी उच्चतर माध्यमिक विद्यालय में स्थापित हुई स्मार्ट क्लास
  • डिजिटल स्क्रीन और बाला पेंटिंग से बदला ग्रामीण स्कूल का स्वरूप

मंडला महावीर न्यूज 29. ग्रामीण क्षेत्र के विद्यार्थियों को तकनीक और आधुनिक शिक्षा से जोडऩे के उद्देश्य से शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय बम्हनी में बदलाव देखने को मिला है। यहां एचडीएफसी बैंक परिवर्तन कार्यक्रम के सहयोग एवं अर्पण सेवा संस्थान के क्रियान्वयन से यहाँ स्मार्ट क्लास की स्थापना की गई है। इस पहल से अब ग्रामीण छात्र भी महानगरों की तर्ज पर डिजिटल माध्यम से शिक्षा ग्रहण कर सकेंगे।विद्यालय के स्मार्ट क्लास कक्ष को विशेष रूप से आकर्षक बनाया गया है। यहाँ बाला पेंटिंग कराई गई है, जिससे दीवारें भी बच्चों को सीखने के लिए प्रेरित कर रही हैं। यह बाल सुलभ वातावरण बच्चों की रचनात्मकता को बढ़ाने में सहायक सिद्ध होगा। स्मार्ट क्लास में अत्याधुनिक इंटरएक्टिव पैनल स्थापित किया गया है। इसके माध्यम से शिक्षक अब वीडियो, चित्र और प्रेजेंटेशन के जरिए कठिन विषयों को आसानी से समझा सकेंगे। डिजिटल कंटेंट के उपयोग से बच्चों की समझने की क्षमता बढ़ेगी और पढ़ाई अधिक रोचक होगी।

बुनियादी सुविधाओं का भी होगा विस्तार 

केवल तकनीक ही नहीं, बल्कि बच्चों की सुविधा का भी पूरा ध्यान रखा गया है। कार्यक्रम के तहत कक्षा में नए डेस्क-बेंच की व्यवस्था की गई है। इसके साथ ही विद्यार्थियों के स्वास्थ्य को ध्यान में रखते हुए विद्यालय परिसर में शुद्ध पेयजल हेतु वॉटर कूलर भी प्रदान किया गया है।

संस्थानों का जताया आभार 

इस अवसर पर विद्यालय प्रबंधन और शिक्षकों ने एचडीएफसी बैंक और अर्पण सेवा संस्थान का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि यह पहल ग्रामीण क्षेत्र में शिक्षा के स्तर को ऊँचा उठाने और बच्चों को भविष्य की चुनौतियों के लिए तैयार करने में मील का पत्थर साबित होगी।


 

Leave a Comment