फाइटर कप सीजन-2 का शानदार आगाज

फाइटर कप सीजन-2 का शानदार आगाज

  • पहले मुकाबले में अमरपुर ने नारायणगंज को 19 रनों से दी शिकस्त
  • गांधी स्टेडियम में क्रिकेट का रोमांच शुरू, मैन ऑफ द मैच प्रदीप के दम पर अमरपुर ने मारी बाजी
  • प्रवीण के अर्धशतक और गेंदबाजों की धार से जीता अमरपुर
  • फाइटर कप के पहले ही मैच में दिखा कड़ा मुकाबला

मंडला महावीर न्यूज 29. जिला मुख्यालय के महात्मा गांधी स्टेडियम ग्राउंड में फाइटर स्पोर्ट्स क्लब के तत्वाधान में आयोजित फाइटर कप सीजन-2 का शुभारंभ हुआ। टूर्नामेंट के उद्घाटन मुकाबले में अमरपुर और नारायणगंज की टीमें आमने-सामने थीं, जिसमें अमरपुर ने शानदार खेल दिखाते हुए 19 रनों से जीत दर्ज कर अगले दौर में अपनी जगह पक्की कर ली।मैच की शुरुआत में नारायणगंज ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का निर्णय लिया। अमरपुर की शुरुआत कुछ खास नहीं रही और टीम ने जल्दी विकेट खो दिए, लेकिन बल्लेबाज प्रवीण ने एक छोर संभाले रखा। प्रवीण की 61 रनों की आतिशी पारी और राहुल जायसवाल (20), देवेंद्र (19) व शुभम मरावी (18) के योगदान से अमरपुर ने निर्धारित ओवरों में 162 रनों का चुनौतीपूर्ण लक्ष्य खड़ा किया। नारायणगंज की ओर से पवन, तोशी और देवी ने 2-2 विकेट झटके।

लक्ष्य का पीछा करने में लडख़ड़ाई नारायणगंज 

163 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी नारायणगंज की टीम संघर्ष करती नजर आई। अरशद (40) और देवी (25) ने टीम को जीत दिलाने की कोशिश की, लेकिन अमरपुर की सधी हुई गेंदबाजी के आगे पूरी टीम 143 रनों पर सिमट गई। अमरपुर की ओर से रिंकू और प्रदीप बनवासी ने घातक गेंदबाजी करते हुए 3-3 विकेट लिए। बेहतरीन प्रदर्शन के लिए प्रदीप को ‘मैन ऑफ द मैच’ चुना गया।

अतिथियों ने बढ़ाया खिलाडिय़ों का उत्साह 

टूर्नामेंट के शुभारंभ अवसर पर मुख्य अतिथि के रूप में वेदप्रकाश उईके और विशिष्ट अतिथि के रूप में शैलेश दुबे उपस्थित रहे। इस दौरान खेल प्रेमियों के साथ रेनू अग्रवाल, मयंक अग्रवाल, समीर बाजपेई, दीपेश पटेल, दीपक साहू, नीलनिकेश कठोतिया सहित अन्य गणमान्य नागरिक मौजूद रहे। मैच में निर्णायक की भूमिका सत्यम बर्मन और ऋषि रघुवंशी ने निभाई, जबकि स्कोरिंग मोहित बरमैया और करन गिलानी ने की।



 

Leave a Comment