बीजाडांडी पुलिस की अनूठी पहल
- दोपहिया वाहन चालकों को दिए सुरक्षा का कवच
- नि:शुल्क हेलमेट पाकर खिले चेहरे
- थाना बीजाडांडी के सामने पुलिस और जनप्रतिनिधियों ने बांटे हेलमेट
- सुरक्षा के प्रति किया जागरूक
मंडला महावीर न्यूज 29. सड़क हादसों में होने वाली जनहानि को रोकने और आमजन को यातायात नियमों के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से पुलिस थाना बीजाडांडी के समक्ष एक विशेष जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस कार्यक्रम में बीजाडांडी पुलिस, केएमसी ब्लाग्स और आम नागरिकों के सहयोग से हेलमेट वितरित किया गया। इस दौरान पुलिस विभाग द्वारा दोपहिया वाहन चालकों को हेलमेट की उपयोगिता समझाई गई और उन्हें नि:शुल्क हेलमेट प्रदान किए गए।
कार्यक्रम के दौरान थाना प्रभारी अनीता कुड़ापे ने वाहन चालकों को संबोधित करते हुए कहा कि हेलमेट केवल कानूनी औपचारिकता नहीं, बल्कि जीवन बचाने वाला सुरक्षा कवच है। पुलिस टीम ने चालकों को हेलमेट पहनकर वाहन चलाने का संकल्प दिलाया और भविष्य में नियमों का पालन करने की समझाइश दी। इस जागरूकता अभियान के दौरान स्थानीय जनप्रतिनिधियों ने भी बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। इस अवसर पर भाजपा मंडल अध्यक्ष डुमारी लाल कुम्हरे, पूर्व जनपद पंचायत उपाध्यक्ष हेमलता यादव, विकास यादव, अलका कुम्हरे, भागवत गौठरिया, राजेश तिवारी, विमलेश पाठक और फिरदौस खान विशेष रूप से उपस्थित रहे।
पुलिस टीम का रहा सक्रिय सहयोग
आयोजन को सफल बनाने में थाना प्रभारी अनीता कुड़ापे के साथ सहायक निरीक्षक पंकज विश्वकर्मा सहित पूरे पुलिस स्टाफ का सक्रिय योगदान रहा। स्थानीय नागरिकों ने पुलिस की इस संवेदनशील पहल की सराहना की है। कार्यक्रम के अंत में उपस्थित अतिथियों और पुलिस अधिकारियों ने संयुक्त रूप से बिना हेलमेट जा रहे चालकों को रोककर उन्हें सुरक्षा भेंट स्वरूप हेलमेट पहनाए।










