सड़क पर उतरे ‘कप्तान’ और ‘कलेक्टर’
हेलमेट न होने पर चालकों को रोककर दी समझाइश, मौके पर मँगवाए हेलमेट
- जीवन रक्षा की अनूठी पहल: मंडला कलेक्टर और एसपी ने खुद संभाला मोर्चा
- बिना हेलमेट वालों की रुकवाई गाड़ियाँ
- पहले समझाइश फिर सख्ती
- परिजनों को बुलाकर मौके पर मँगवाए हेलमेट
- 3 दिन में फोटो भेजने के दिए निर्देश
मंडला महावीर न्यूज 29 | जिले में सड़क सुरक्षा और यातायात नियमों के प्रति जागरूकता लाने के लिए कलेक्टर सोमेश मिश्रा और पुलिस अधीक्षक रजत सकलेचा ने एक बेहद संवेदनशील और प्रभावी पहल की है। शुक्रवार को वीरनारायण शाह बस स्टैंड परिसर के सामने मुख्य मार्ग पर दोनों अधिकारियों ने स्वयं खड़े होकर दोपहिया वाहन चालकों को हेलमेट पहनने का जीवनरक्षक संदेश दिया।
भावनात्मक जुड़ाव: मौके पर मँगवाए हेलमेट
अभियान की सबसे खास बात यह रही कि अधिकारियों ने बिना हेलमेट वाहन चला रहे चालकों को सीधे दंडित करने के बजाय भावनात्मक रूप से जागरूक किया। जिन चालकों के पास हेलमेट नहीं थे, उनकी गाड़ियाँ बस स्टैंड परिसर में खड़ी करवा दी गईं और उनके परिजनों को फोन करके मौके पर हेलमेट लेकर बुलाया गया। प्रशासन का उद्देश्य यह संदेश देना था कि हेलमेट पहनना केवल चालान से बचना नहीं, बल्कि परिवार के पास सुरक्षित लौटने का भरोसा है।
तकनीकी निगरानी: 3 दिन में भेजनी होगी फोटो
सख्ती बरतते हुए प्रशासन ने बिना हेलमेट वाले सभी चालकों के नाम, मोबाइल नंबर और पते दर्ज किए हैं। इन सभी को सख्त निर्देश दिए गए हैं कि वे तीन दिन के भीतर हेलमेट खरीदकर और उसे पहनकर अपनी एक फोटो संबंधित विभाग के नंबर पर भेजें। इससे यह सुनिश्चित किया जा सकेगा कि दी गई समझाइश का पालन वास्तविक रूप में हो रहा है।
अधिकारियों का संदेश
कलेक्टर सोमेश मिश्रा ने कहा कि सड़क सुरक्षा हमारी प्राथमिकता है, हम चाहते हैं कि लोग खुद अपनी सुरक्षा के लिए जागरूक हों। वहीं, एसपी रजत सकलेचा ने नागरिकों से अपील की कि वे यातायात नियमों को बोझ न समझें और सुरक्षित सफर के लिए इनका पालन करें।
प्रशासनिक अमले की उपस्थिति
इस विशेष अभियान के दौरान अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक शिव कुमार वर्मा, नगर निरीक्षक शफीक खान, यातायात थाना प्रभारी ललित धुर्वे, सीएमओ गजानन नाफड़े, योगेश राजपूत और नायब तहसीलदार राम सिंह उलाड़ी सहित भारी पुलिस बल मौजूद रहा। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि भविष्य में भी संवेदनशीलता और सख्ती का यह तालमेल लगातार जारी रहेगा।










