हवन-पूजन के लिए रखे 4 कछुए बरामद, 10 गिरफ्तार
- मंडला में पुलिस-वन विभाग की संयुक्त कार्रवाई में 4 दुर्लभ कछुए मिले
- वन्य प्राणी संरक्षण अधिनियम के तहत मामला दर्ज
मंडला महावीर न्यूज 29. मंडला पुलिस और वन विभाग की संयुक्त टीम ने गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए बिछिया दानीटोला रोड स्थित एक मकान से 4 दुर्लभ कछुओं को बचाया है। इस दौरान 10 संदिग्धों को गिरफ्तार किया गया है, जो अवैध रूप से इन कछुओं को हवन-पूजन के लिए रखे हुए थे। एसडीओपी बिछिया के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी बिछिया सहित पुलिस बल और फॉरेस्ट विभाग की टीम ने मकान में छापा मारा। तलाशी के दौरान दो थैलों से कुल 4 दुर्लभ कछुए बरामद किए गए।
इस मामले में फॉरेस्ट विभाग ने वन्य प्राणी संरक्षण अधिनियम के तहत गिरफ्तार आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज किया है। गिरफ्तार किए गए आरोपियों में शंभू सोनी, रामेश्वर तिवारी, सुरेंद्र बर्मन, संपत कुशवाहा, राज बर्मन, दिनेश बंजारा, मुरली बंजारा, रामकुमार इनवाती, दिनेश यादव और झल्लूलाल रजक शामिल रहे। आरोपियों को पकडऩे में थाना प्रभारी निरीक्षक भीष्म तिवारी, उप निरीक्षक प्रवीण मालवीय और अन्य पुलिस स्टाफ के साथ फॉरेस्ट विभाग से रेंजर अविनाश जैन और उनकी टीम ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।









