पीएम कॉलेज ऑफ एक्सीलेंस में अग्निवीर भर्ती पर मार्गदर्शन
सेना और वायु सेना के अधिकारियों ने दिए सफलता के टिप्स
- पीपीटी और वीडियो से युवाओं ने समझीं सेना में जाने की बारीकियां
- देशसेवा को लेकर छात्र-छात्राओं में दिखा भारी उत्साह
मंडला महावीर न्यूज 29. प्रधानमंत्री कॉलेज ऑफ एक्सीलेंस (रानी दुर्गावती शासकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय) मंडला में 28 अक्टूबर 2026 को अग्निवीर भर्ती प्रक्रिया को लेकर एक विशेष मार्गदर्शन कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में भारतीय वायु सेना और थल सेना के अधिकारियों ने महाविद्यालय के एनसीसी कैडेट्स, एमडीसी एनसीसी विद्यार्थियों और अन्य छात्र-छात्राओं को अग्निवीर योजना के तहत सेना में शामिल होने की विस्तृत जानकारी प्रदान की।

प्रेजेंटेशन और वीडियो से समझाई चयन प्रक्रिया
महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. टी.पी. मिश्रा की गरिमामयी उपस्थिति में आयोजित इस कार्यक्रम में भारतीय वायु सेना से वारंट ऑफिसर जगबीर सिंह व सार्जेंट अमन तथा 1 एम.पी. आर्टिलरी रेजीमेंट एनसीसी (जबलपुर) से हवलदार सत्यप्रकाश विशेष रूप से उपस्थित रहे। अधिकारियों ने छात्र-छात्राओं को पीपीटी (PPT) और वीडियो प्रेजेंटेशन के माध्यम से अग्निवीर भर्ती की पूरी चयन प्रक्रिया, आवश्यक योग्यताओं और शारीरिक-मानसिक मापदंडों को बेहद सरल व प्रभावी ढंग से समझाया। इस दौरान युवाओं को भारतीय सशस्त्र सेनाओं में शामिल होकर देशसेवा करने के लिए प्रेरित किया गया, जिससे विद्यार्थियों में एक अलग ही उत्साह देखने को मिला।
इनकी रही प्रमुख उपस्थिति
इस प्रेरणादायी कार्यक्रम का सफल संचालन महाविद्यालय के एनसीसी अधिकारी लेफ्टिनेंट डॉ. राजेश धुर्वे द्वारा किया गया। मार्गदर्शन कार्यक्रम में वरिष्ठ प्राध्यापक डॉ. भुवनेश्वर टेभरे, जिला रोजगार कार्यालय से दीपक साहू, एनसीसी के सीनियर अंडर ऑफिसर पल्लवी यादव, अंडर ऑफिसर आशीष मार्को, महिमा नंदा, जतिन भांडे, कृष्ण कुमार, विनय हरदहा, अमन यादव और शानु यादव सहित बड़ी संख्या में महाविद्यालय के विद्यार्थी व एनसीसी कैडेट्स उपस्थित रहे। इस सत्र से विद्यार्थियों को अपने भविष्य और सेना में करियर बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण मार्गदर्शन प्राप्त हुआ।










