हॉक फोर्स और नक्सलियों की मुठभेड़ में एक नक्सली ढेर
- दो समर्थक गिरफ्तार
- मुठभेड़ में नक्सलियों ने 125 और पुलिस की ओर से 80 राउंड हुई फायरिंग
- बालाघाट आईजी ने प्रेस कांफ्रेंस में दी जानकारी
मंडला महावीर न्यूज 29. कान्हा नेशनल पार्क के चिमटा वन क्षेत्र में रविवार दोपहर को पुलिस और नक्सलियों की मुठभेड़ हुई। नक्सलियों की मौजूदगी की सूचना खटिया थाना क्षेत्र के कान्हा नेशनल पार्क में 8 मार्च को मिली थी। नक्सलियों की सूचना मिलते ही हॉक फोर्स ने सर्च ऑपरेशन शुरू किया। हॉक फोर्स और नक्सलियों के बीच हुई मुठभेड़ में एक पुरूष नक्सली मारा गया। जिसकी शिनाख्त अभी नहीं हो सकी है। मृतक नक्सली का पोस्टमार्टम बम्हनी अस्पताल में किया गया है। अज्ञात मृतक नक्सली के शव को सुरक्षित रखा दिया गया है। महाराष्ट्र और छत्तीसगढ़ पुलिस से संपर्क किया जा रहा है, जिससे शव की शिनाख्त हो सके। नक्सली मुठभेड़ में दो नक्सली के मददगारो को भी हिरासत में लिया गया है जो ग्राम सौतिया और बटवार के रहने वाले है जिनसे पूछ ताछ की जा रही है।
बालाघाट रेंज के आईजी संजय सिंह ने सोमवार को प्रेस कॉन्फ्रेस में बताया कि रविवार को हॉक फोर्स के साथ हुई मुठभेड़ में एक नक्सली मारा गया है। वहीं पुलिस ने दो नक्सल समर्थकों को भी गिरफ्तार किया है। इस घटना क्रम की जानकारी देते हुए आईजी श्री सिंह ने बताया कि 8 मार्च को नक्सलियों की सूचना मिली थी। जिसके बाद सर्च ऑपरेशन शुरू किया गया। इसी दौरान पता चला कि दो नक्सल समर्थकों ने नक्सलियों के लिए राशन खरीदा है। यह सामान 9 मार्च को नक्सलियों को दिया जाना था। यह जानकारी मिलते ही हॉक फोर्स ने घटना स्थल पर एंबुश लगाया। जिसके कुछ देर बाद 18 से 20 नक्सली सादे कपड़े और कुछ वर्दी में हथियारों के साथ पहुंच गए। जैसे ही नक्सली राशन लेकर जाने लगे, उसी दौरान सुरक्षा बलों ने उन्हें आत्म समर्पण की चेतावनी दी। जिसके बाद नक्सलियों ने फायरिंग शुरू कर दी और जवाबी कार्रवाई में एक हॉक फोर्स के हाथों एक नक्सली मारा गया और उसके साथी घने जंगल का फायदा उठाकर भागने में सफल हुए।
दो नक्सल समर्थक और 315 बोर हथियार बरामद
कान्हा के चिमटा वन क्षेत्र में रविवार को हॉक फोर्स के साथ हुई मुठभेड़ में उनके दो समर्थकों को गिरफ्तार किया गया है। गिरफ्तार नक्सल समर्थकों में अशोक कुमार वल्को 28 वर्ष निवासी ग्राम बटवार और संतोष कुमार धुर्वे 28 वर्ष ग्राम सौतिया शामिल हैं। क्षेत्र में अन्य नक्सलियों की मौजूदगी की आशंका के चलते सीआरपीएफ और हॉक फोर्स सघन तलाशी अभियान चला रहा है। मुठभेड़ में नक्सलियों की ओर से 125 और पुलिस की ओर से 80 राउंड फायरिंग हुई। मौके पर 315 बोर की बंदूक बरामद की गई है।
सभी जवान सुरक्षित
आईजी संजय सिंह ने बताया की मौके पर अभी सर्चिंग अभियान जारी है, नक्सलियों के छुपने के क्या स्थान हो सकते है, उस आधार पर और फोर्स बढ़ाई जाएगी। इन्होंने बताया की जिस क्षेत्र में सर्च आपरेशन चल रहा था, वो क्षेत्र कान्हा नेशनल पार्क के सफारी जोन से दूर था। उस मार्ग पर होने वाली सफारी पर कुछ देर के लिए रोक लगा दी गई थी, लेकिन ऑपरेशन समाप्त होने के बाद सैलानियों के लिए मार्ग खोल दिए गए। वहीं इस ऑपरेशन में हॉक फोर्स, सीआरपीएफ, एसएएफ और जिला पुलिस बल शामिल रहा। इस अभियान में शामिल जवानों को पूरे ऑपरेशन के दौरान कोई नुकसान नहीं पहुंचा है।