- कान्हा पार्क में 114 किमी पैदल चलकर की मानसून गश्त
- कान्हा पार्क के 150 किलोमीटर में मानसून गश्त
- 11 दलों के 50 सदस्य ने 18 बीटों में की पैदल गश्त
- मानसून सीजन में की जाएगी हर सप्ताह कश्ती
मंडला महावीर न्यूज 29. कान्हा टाइगर रिजर्व मण्डला मप्र में वन्यप्राणी सुरक्षा की दृष्टि से मानसून गश्त का विशेष कार्यक्रम निर्धारित किया जाता है। जिसमें सभी कर्मचारियों की पहुँच विहीन क्षेत्रो में विशेष गश्ती के लिए ड्यूटी लगाई जाती है। इसके अतिरिक्त वरिष्ठ अधिकारियों के नेतृत्व में सामूहिक गश्त की जाती है। इसी क्रम में शनिवार को प्रथम सामूहिक गश्त सरही परिक्षेत्र के सौंफ पेट्रोलिंग कैम्प को केन्द्रीत कर आयोजित की गई। इसका उद्देश्य सौंफ बीट की सीमाओं पर स्थित बीटो मे सघन गश्ती किया जाना था।
बताया गया कि मानसून सीजन के अंतर्गत परिक्षेत्र सरही, किसली एवं कान्हा के कर्मचारियों के 11 दल जिनमें 50 सदस्य द्वारा 18 बीटों में 114 किलोमीटर पैदल चलकर गश्त की गई। कान्हा परिक्षेत्र के दल का नेतृत्व क्षेत्र संचालक कान्हा, सरही परिक्षेत्र के दल का नेतृत्व उप संचालक कान्हा एवं किसली परिक्षेत्र के दल का नेतृत्व सहायक संचालक बंजर द्वारा किया गया।
बताया गया कि संबंधित परिक्षेत्र अधिकारियों एवं उनके अधिनस्थ कर्मचारियों ने भी इस दौरान सक्रिय योगदान दिया। इस गश्त में लगभग 150 वर्ग किलोमीटर क्षेत्र का सघन निरीक्षण किया गया। इस प्रकार गश्त पूरे मानसून सीजन में प्रति सप्ताह की जायेगी।