कान्हा टाइगर रिजर्व के मोतीनाला में आयोजित हुआ बाघिन दीदी सम्मेलन
26 ईको विकास समितियों की महिलाओं ने लिया वन व वन्यजीव संरक्षण का संकल्प
- मनोरी के कान्हा बाल उद्यान में जुटीं ग्रामीण महिलाएं
- रंगोली, पत्तल निर्माण व खेलकूद गतिविधियों के माध्यम से दिया जागरूकता का संदेश
मंडला महावीर न्यूज 29. कान्हा टाइगर रिजर्व के बफर जोन वनमंडल अंतर्गत मोतीनाला परिक्षेत्र की ईको विकास समिति मनोरी द्वारा निर्मित कान्हा बाल उद्यान में शुक्रवार को बाघिन दीदी सम्मेलन का भव्य आयोजन किया गया। इस विशेष सम्मेलन में मोतीनाला परिक्षेत्र की सभी 26 ईको विकास समितियों की 40 महिलाओं एवं युवतियों ने अत्यंत उत्साहपूर्वक सहभागिता की।
इस कार्यक्रम में मुख्य रूप से क्षेत्र संचालक रवीन्द्र मणि त्रिपाठी, सहायक संचालक सिझोरा आशीष पाण्डेय, सहायक संचालक मलाजखंड सुनील पन्द्रे, परिक्षेत्र अधिकारी सिझोरा अभिषेक दुबे, परिक्षेत्र अधिकारी गढ़ी प्रिवेश बराड़े एवं परिक्षेत्र अधिकारी मोतीनाला सुश्री पूजा बघेल उपस्थित रहे। अधिकारियों ने महिलाओं को वन सुरक्षा और आजीविका संवर्धन से जुड़े विभिन्न पहलुओं की जानकारी दी।
संरक्षण गतिविधियों से महिलाओं को जोडऩे की पहल
सम्मेलन का मुख्य उद्देश्य ग्रामीण महिलाओं को सीधे तौर पर वन एवं वन्यजीव संरक्षण अभियान से जोडऩा तथा उनकी सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करना था। इस अवसर पर उपस्थित महिलाओं को जंगलों की सुरक्षा, अवैध कटाई पर अंकुश लगाने, वन्यजीवों के संरक्षण एवं ग्रामीण समुदाय के भीतर जागरूकता फैलाने के लिए प्रेरित किया गया। अधिकारियों ने प्रत्येक गांव से महिलाओं को बाघिन दीदी संगठन से जोड़कर संरक्षण गतिविधियों में भागीदार बनाने का संदेश दिया।
रचनात्मक गतिविधियां और खेलकूद प्रतियोगिताएं आयोजित
सम्मेलन के दौरान महिलाओं के प्रोत्साहन के लिए विभिन्न रचनात्मक एवं मनोरंजक गतिविधियों का आयोजन किया गया। इनमें प्रमुख रूप से फूलों से आकर्षक रंगोली बनाना, बांस से झाड़ू निर्माण, महाुल, मोहालाइन के पत्तों से पत्तल निर्माण, मटकी एवं झूमर सजावट कला, बाघ, तेंदुआ एवं बारहसिंगा पर आधारित जनजागरूकता खेल और महिलाओं के लिए कुर्सी दौड़ स्पर्धा आयोजित की गई। इन सभी स्पर्धाओं में बाघिन दीदियों ने बढ़-चढ़कर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। कार्यक्रम के समापन पर सभी प्रतिभागी महिलाओं को स्मृति चिह्न स्वरूप उपयोगी सामग्री वितरित कर सम्मानित किया गया।
इनका रहा सराहनीय योगदान
इस पूरे आयोजन को सफल बनाने में मोतीनाला परिक्षेत्र के समस्त वनरक्षकों, विभागीय कर्मचारियों तथा ईको विकास समिति मनोरी के अध्यक्ष व सदस्यों का सराहनीय योगदान रहा। यह सम्मेलन ग्रामीण महिलाओं को वन एवं वन्यजीव संरक्षण के प्रति जागरूक करने तथा उन्हें मुख्यधारा से जोडऩे की दिशा में एक बेहद सार्थक पहल साबित हुआ है।










