50 लाख रुपये के 250 गुम मोबाइल फोन ढूंढकर उनके स्वामियों को लौटाए

Advertisements

मंडला पुलिस ने धनतेरस पर दी खुशियों की सौगात

50 लाख रुपये के 250 गुम मोबाइल फोन ढूंढकर उनके स्वामियों को लौटाए

  • कैबिनेट मंत्री संपतिया ने बांटे मोबाइल
  • पुलिस-जनता के बीच समन्वय बढ़ाने सहयोग अभियान का हुआ शुभारंभ

मंडला महावीर न्यूज 29. पुलिस अधीक्षक मंडला राजेश रघुवंशी के निर्देशन में मंडला पुलिस द्वारा गुम हुए मोबाइल फोन की बरामदगी के लिए निरंतर प्रभावी कार्रवाई की जा रही है। इसी कड़ी में धनतेरस के अवसर पर मंडला पुलिस ने एक विशेष कार्यक्रम का आयोजन कर लगभग 50 लाख रुपये कीमत के 250 गुम हुए मोबाइल फोन उनके वास्तविक मालिकों को वापस सौंपे। इस गरिमामयी कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित मध्य प्रदेश शासन की लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग की कैबिनेट मंत्री श्रीमती संपतिया उइके ने मोबाइल धारकों को उनके खोए हुए फोन सौंपे और धनतेरस की शुभकामनाएं दीं। बताया गया कि मंडला पुलिस द्वारा सीईआईआर पोर्टल का प्रभावी उपयोग करते हुए अब तक कुल 3,823 गुम हुए मोबाइल फोन बरामद कर उनके स्वामियों को वापस लौटाए जा चुके हैं, जिनकी अनुमानित कुल कीमत लगभग 5 करोड़ 70 लाख रुपये है। वहीं इस वर्ष 2026 में अब तक पुलिस की टीम ने लगभग 1 करोड़ 28 लाख रुपये कीमत के करीब 900 मोबाइल फोन ढूंढ निकाले हैं।

सहयोग अभियान का हुआ शुभारंभ, मददगार नागरिक सम्मानित 

इस अवसर पर मंडला पुलिस द्वारा आमजन और पुलिस के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने के उद्देश्य से सहयोग अभियान का औपचारिक शुभारंभ भी किया गया। अभियान के तहत महाराजपुर थाना क्षेत्र के एक संवेदनशील प्रकरण में आरोपियों की सटीक जानकारी देकर पुलिस का सहयोग करने वाले जागरूक नागरिकों को मंच से सम्मानित किया गया। पुलिस अधीक्षक ने बताया कि इस अभियान का मुख्य उद्देश्य पुलिस और जनता के बीच आपसी विश्वास बढ़ाना तथा अपराध नियंत्रण में नागरिकों की सक्रिय भागीदारी को प्रोत्साहित करना है। कार्यक्रम में साइबर डेस्क के उन अधिकारियों व कर्मचारियों को भी सम्मानित किया गया, जिन्होंने मोबाइल ट्रैकिंग में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।

जनप्रतिनिधि और प्रशासनिक अधिकारी रहे मौजूद

आयोजन के दौरान कैबिनेट मंत्री श्रीमती संपतिया उइके, जिला पंचायत सीईओ शाश्वत सिंह मीना, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक मंडला शिवकुमार वर्मा, एसडीओपी निवास पीएस वालरे, एसडीओपी मंडला पीयूष मिश्रा, एसडीओपी नैनपुर मनीष राज सहित विभिन्न थानों के थाना प्रभारी और बड़ी संख्या में पुलिस अधिकारी व कर्मचारी उपस्थित रहे।


Leave a Comment