धनतेरस पर कैबिनेट मंत्री संपतिया उइके की सराहनीय पहल
कैबिनेट मंत्री ने स्थानीय बाजार पहुंचकर खरीदे झाड़ू और मिट्टी के दीये
- जिलेवासियों को दिया वोकल फॉर लोकल का संदेश
- स्थानीय कलाकारों और कुम्हारों से पूजन सामग्री खरीदने की अपील
मंडला महावीर न्यूज 29. दीपोत्सव और धनतेरस के पावन अवसर पर प्रदेश की लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी मंत्री संपतिया उइके ने एक सराहनीय पहल की है। स्थानीय कलाकारों और छोटे दुकानदारों को बढ़ावा देने के उद्देश्य से कैबिनेट मंत्री ने रेडक्रॉस के समीप लगने वाले स्थानीय बाजार का भ्रमण किया और वहां से मिट्टी के दीये व पूजन सामग्री की खरीदारी कर हस्तशिल्पियों का उत्साहवर्धन किया।
स्थानीय कलाकारों से खरीदे दीये और तस्वीरें
बाजार भ्रमण के दौरान कैबिनेट मंत्री श्रीमती उइके ने मंडला के स्थानीय कलाकारों और कुम्हारों द्वारा बेहद आकर्षक ढंग से बनाए गए मिट्टी के दीये, रंगोली, पारंपरिक झाड़ू, भगवान धन्वंतरि व माता लक्ष्मी जी की तस्वीरें और फूल-माला सहित अन्य जरूरी पूजन सामग्री खरीदी। इस दौरान उन्होंने छोटे व्यापारियों से आत्मीय चर्चा भी की।

वोकल फॉर लोकल को मजबूत करने की अपील
इस अवसर पर मंत्री श्रीमती उइके ने मंडला जिले के समस्त नागरिकों से अपील करते हुए कहा कि इस दीपावली पर सभी नागरिक वोकल फॉर लोकल के संकल्प को मजबूत करें। त्योहारों के इस मौसम में बड़े बाजारों की बजाय स्थानीय कलाकारों, कुम्हारों और महिला स्व-सहायता समूहों द्वारा निर्मित मिट्टी के दीयों व अन्य स्वदेशी उत्पादों को प्राथमिकता दें। नागरिकों द्वारा की गई यह छोटी सी पहल हमारे इन स्थानीय परिवारों के घरों को भी खुशियों से रोशन करेगी और उनकी आजीविका को एक सुदृढ़ आधार प्रदान करेगी।










