जिले के थानों और चौकियों में लगेंगे रोजगार शिविर

Advertisements

मंडला पुलिस की अनूठी पहल

जिले के थानों और चौकियों में लगेंगे रोजगार शिविर

  • युवाओं को मिलेगा स्वरोजगार व नौकरी का अवसर
  • प्रथम एजुकेशन फाउंडेशन के सहयोग से 28 अक्टूबर से शुरू होगा शिविर
  • 8वीं-10वीं पास युवाओं को जबलपुर, भोपाल और छिंदवाड़ा में मिलेगी नियुक्ति

मंडला महावीर न्यूज 29. मंडला पुलिस द्वारा स्थानीय युवाओं के भविष्य को संवारने और उन्हें रोजगार के बेहतर अवसर उपलब्ध कराने के लिए एक सराहनीय पहल की शुरुआत की जा रही है। आपकी प्रतिभा को अवसर के तहत मंडला पुलिस और प्रथम एजुकेशन फाउंडेशन के संयुक्त तत्वावधान में जिले के विभिन्न थानों एवं पुलिस चौकियों में रोजगार शिविरों का आयोजन किया जा रहा है। इन शिविरों के माध्यम से चयनित युवक-युवतियों को उनकी योग्यता और रुचि के अनुसार जबलपुर, भोपाल और छिंदवाड़ा में विभिन्न ट्रेडों के तहत नियुक्ति दिलाई जाएगी।

यहां आयोजित होंगे शिविर 

प्रथम एजुकेशन फाउंडेशन ने बताया कि जारी शेड्यूल के अनुसार यह रोजगार शिविर 28 अक्टूबर से शुरू होकर 4 नवंबर तक चलेंगे। शिविर का समय सुबह 10.30 बजे और दोपहर 02 बजे निर्धारित किया गया है। जिसमें प्रात: 10.30 बजे आयोजित होने वाले शिविर में 28 अक्टूबर को बिछिया थाना, 29 अक्टूबर को मवई थाना, 30 अक्टूबर को बम्हनी बंजर थाना, 31 अक्टूबर को नैनपुर थाना, 02 नवंबर को टिकरिया थाना, 03 नवंबर को मोहगांव थाना और 04 नवंबर को खटिया थाना परिसर में शिविर आयोजित होगा। इसी तरह दोपहर दो बजे से थाना व चौकी में आयोजित होने वाले शिविर में 28 अक्टूबर को घुघरी थाना, 29 अक्टूबर को मोतीनाला थाना, 30 अक्टूबर को अंजनियां चौकी, 31 अक्टूबर को पिंडरई चौकी, 02 नवंबर को बीजाडांडी थाना, 03 नवंबर को निवास थाना तथा 04 नवंबर को टाटरी चौकी परिसर में युवा अपना पंजीयन करा सकेंगे।

योग्यता, वेतन के साथ मिलेगी अन्य सुविधाएं

इस रोजगार शिविर में भाग लेने के लिए न्यूनतम शैक्षणिक योग्यता 8वीं से 10वीं पास निर्धारित की गई है। आवेदक की आयु 18 से 30 वर्ष के बीच होनी चाहिए, जिसमें पुरुष और महिलाएं दोनों भाग ले सकते हैं। चयनित युवाओं को ऑटोमोटिव (2 व्हीलर, 4 व्हीलर सर्विस टेक्नीशियन), फूड एंड बेवरेज सर्विस, ब्यूटी, ड्राई वाल फॉल सेलिंग और एमओए (रूह्र्र) जैसे विभिन्न ट्रेडों में कार्य करने का अवसर मिलेगा। युवाओं को लगभग 12,000 से 15,000 रुपये तक मासिक वेतन प्राप्त होगा। इसके साथ ही संस्था द्वारा नि:शुल्क ड्रेस, जूते एवं प्रशिक्षण सामग्री भी प्रदान की जाएगी।

सुनहरे अवसर का लाभ उठाएं 

पुलिस प्रशासन ने जिले के सभी पात्र युवक-युवतियों से अपील की है कि वे अपने सभी शैक्षणिक दस्तावेजों के साथ निर्धारित तिथि और समय पर अपने नजदीकी थाना या चौकी परिसर में आयोजित शिविर में उपस्थित होकर इस सुनहरे अवसर का लाभ उठाएं। अधिक जानकारी के लिए मोबाइल नंबर 7049141194 और 7049141294 पर संपर्क किया जा सकता है।


Leave a Comment