अधिकारियों की खींचतान में अटकी जनशिक्षक और बीएसी पदों की काउंसलिंग

Advertisements

अधिकारियों की खींचतान में अटकी जनशिक्षक और बीएसी पदों की काउंसलिंग

शासन के आदेशों की हो रही अनदेखी

  • वरिष्ठता सूची पर हस्ताक्षर न होने से लटका मामला
  • संगठनों की चेतावनी के बावजूद मंडला में प्रक्रिया लंबित

मंडला महावीर न्यूज 29. राज्य शिक्षा केंद्र, भोपाल के स्पष्ट निर्देशों के बावजूद मंडला जिले में रिक्त जनशिक्षक एवं बीएसी पदों की पूर्ति के लिए काउंसलिंग प्रक्रिया ठप पड़ी हुई है। जारी आदेश के मुताबिक 5 अगस्त तक काउंसलिंग और 28 अगस्त तक नियुक्ति आदेश जारी किए जाने थे, लेकिन निर्धारित समय सीमा बीत जाने के बाद भी कार्रवाई न होने से जिम्मेदार अधिकारियों की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं।

जानकारी अनुसार संभागीय आयुक्त कार्यालय जबलपुर द्वारा जारी माध्यमिक शिक्षकों की वरिष्ठता सूची के आधार पर सहायक आयुक्त कार्यालय द्वारा जिले के शिक्षकों की पृथक सूची तैयार की जा रही है। बताया जा रहा है कि सहायक आयुक्त के हस्ताक्षर न होने के कारण डीपीसी कार्यालय इस सूची के आधार पर काउंसलिंग कराने से बच रहा है। विभागीय समन्वय के अभाव में अटकी इस प्रक्रिया के कारण जिले की शैक्षणिक व्यवस्था और विद्यालयों में शिक्षा की गुणवत्ता प्रभावित होने की आशंका जताई जा रही है।

ज्ञापन के बाद भी नहीं हुई कार्रवाई 

बताया गया कि इस विलंब से नाराज अध्यापक शिक्षक संयुक्त मोर्चा एवं अपाक्स संगठन द्वारा पूर्व में 6 अगस्त और 6 अक्टूबर 2026 को जिला कलेक्टर को ज्ञापन सौंपकर शीघ्र काउंसलिंग कराने की मांग की गई थी। संगठनों का कहना है कि आसपास के अन्य जिलों में यह प्रक्रिया पूरी हो चुकी है, जबकि मंडला में मामला अब भी कागजों में अटका है। अपाक्स जिला अध्यक्ष संजीव सोनी ने मांग की है कि संबंधित अधिकारी आपसी समन्वय बनाकर वरिष्ठता सूची की समस्या का तत्काल समाधान करें और नियमानुसार काउंसलिंग प्रक्रिया जल्द शुरू करें, जिससे आदिवासी बहुल इस जिले में शिक्षा व्यवस्था को समय पर मजबूत किया जा सके।


Leave a Comment