मंडला में मंडी की महारानी का भव्य चल समारोह संपन्न
कांतारा झांकी और फायर शो ने मोहा मन, उमड़ा जनसैलाब
- शरद पूर्णिमा पर आस्था और उल्लास का दिखा संगम
- ड्रोन शो, आरजू बैंड और डीजे की धुनों पर झूमे लोगा
मंडला महावीर न्यूज 29. शरद पूर्णिमा के अवसर पर रविवार को कृषि उपज मंडी मंडला में आस्था, संस्कृति और उल्लास का अदभुत संगम देखने को मिला। सार्वजनिक दुर्गोत्सव समिति, अनाज तिलहन व्यापारी संघ एवं कृषि उपज मंडी के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित मंडी की महारानी का भव्य चल समारोह अत्यंत उत्साह के साथ संपन्न हुआ। दोपहर से शुरू हुआ यह चल समारोह जैसे-जैसे शहर की ओर आगे बढ़ा, उसमें शामिल होने वाले श्रद्धालुओं की भीड़ बढ़ती गई।
बताया गया कि चल समारोह में मां की भव्य प्रतिमा के साथ सजी विभिन्न झांकियां शहरवासियों के लिए मुख्य आकर्षण का केंद्र रहीं। विशेष तौर पर कांतारा फिल्म पर आधारित लोकप्रिय झांकी और नरसिंह अवतार की सजीव प्रस्तुति ने पूरे धार्मिक वातावरण को और अधिक भक्तिमय बना दिया। मार्ग के दोनों ओर खड़े हजारों श्रद्धालुओं ने इन मनमोहक प्रस्तुतियों का स्वागत किया और यादगार पलों को अपने कैमरों में कैद किया।
फायर शो और ड्रोन प्रदर्शन रहा मुख्य आकर्षण
समारोह में इंटरनेशनल वी इवेंट तथा बेंगलुरु के कलाकारों द्वारा प्रस्तुत हॉयसला स्टिक फायर शो ने दर्शकों को रोमांचित कर दिया। आग और रोशनी के बीच कलाकारों के हैरतअंगेज करतब देखने लायक थे। इसके अलावा, आसमान में सजा ड्रोन शो, रायपुर के रंगोली कलाकारों की कलाकारी, आरजू बैंड की संगीतमय प्रस्तुतियां और गोंदिया किंग डीजे धमाल की धुनों पर युवा जमकर थिरकते नजर आए। रियांश इवेंट सहित विभिन्न टीमों के कलाकारों ने अपनी कला से इस आयोजन को ऐतिहासिक और भव्य स्वरूप प्रदान किया।









