मंडला में शरद पूर्णिमा पर दिखा दशहरा जैसा भव्य उत्साह
हनुमान अंश फिल्म के गायक सुनील लोधी के आगमन से सजी महफिल
- कैबिनेट मंत्री संपत्तियां उईके और प्रशासनिक अधिकारियों ने किया स्वागत
- महिष्मति घाट की महाआरती और चिलमन चौक पर गूंजे सुरीले गीत
मंडला महावीर न्यूज 29. नगर में शरद पूर्णिमा का पर्व पूर्ण उत्साह, भव्यता और श्रद्धा के साथ मनाया गया। इस दौरान शहर में निकले चल समारोहों ने एक बार फिर दशहरा पर्व जैसी अलौकिक छटा बिखेर दी। ढोल-ढमाकों, आकर्षक विद्युत सजावट और माता रानी के जयकारों के बीच देर रात तक सड़कों पर श्रद्धालुओं का तांता लगा रहा। इस धार्मिक और सांस्कृतिक उल्लास के बीच हनुमान अंश फिल्म के प्रसिद्ध गायक सुनील लोधी के मंडला आगमन ने इस उत्सव में चार चांद लगा दिए।
नगर में पहुँचे गायक सुनील लोधी का विभिन्न सामाजिक एवं राजनीतिक संगठनों द्वारा जोरदार स्वागत किया गया। बड़ी खैरी में श्री सिद्ध दुर्गा उत्सव समिति के मार्गदर्शन में बॉबी रावत और कार्यकर्ता नितेश पटेल ने समिति की ओर से उनका आत्मीय स्वागत किया। इसके बाद कैबिनेट मंत्री श्रीमती संपत्तियां उईके के शासकीय आवास पर पहुँचकर उन्होंने श्री लोधी का पुष्पमालाओं से स्वागत कर उन्हें स्मृति चिन्ह भेंट किया। वहीं महिष्मति घाट पर आयोजित पंचचौकी महाआरती में तहसीलदार हिमांशु भलावी और आजीवन सदस्य नीरज अग्रवाल ने जिला प्रशासन व ट्रस्ट की ओर से अंगवस्त्र एवं मां नर्मदा का छायाचित्र भेंट कर उनका अभिवादन किया।
चिलमन चौक पर बिखेरा सुरीला जादू
स्वागत कार्यक्रमों के बाद गायक सुनील लोधी ने चिलमन चौक सहित नगर के विभिन्न स्थानों पर अपनी सुरीली गायकी से धर्मप्रेमियों और श्रोताओं का मन मोह लिया। उनकी प्रस्तुतियों पर श्रोता झूम उठे।
आकर्षक झांकियां और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने बिखेरा रंग
नगर में निकले चल समारोह के दौरान माता रानी की भव्य प्रतिमा और आकर्षक झांकियों ने सभी को आकर्षित किया। नौ दिवसीय इस आयोजन के तहत बड़ी खैरी समिति द्वारा विशेष रूप से सांस्कृतिक कार्यक्रमों की रूपरेखा तैयार की गई थी। इस दौरान सुनील बैंड बम्हनी, रायपुर के कलाकारों की बाना छेदन प्रस्तुति, बजरंग व्यायाम शाला के करतब और आरडीएक्स बिपिन की फायर प्रस्तुति आकर्षण का मुख्य केंद्र रहीं। इसके साथ ही काली डीजे गोंदिया, जबलपुर के भोले डीजे और अत्तू म्यूजिकल सिस्टम की धुनों पर युवा देर रात तक थिरकते नजर आए।
ड्रोन शो और एलईडी लाइटिंग ने मोहा मन
आयोजन को आधुनिक तकनीक से जोड़ते हुए गौरव एंड रितु ड्रोन शो के माध्यम से आसमान में की गई प्रस्तुतियां और एलईडी की आकर्षक सजावट दर्शकों के लिए विशेष कौतूहल का विषय रहीं। श्रद्धालुओं ने इन यादगार पलों को अपने मोबाइल कैमरों में कैद किया। सुरक्षा और व्यवस्था के बीच संपन्न हुए इस आयोजन ने मंडला की धार्मिक और सांस्कृतिक परंपराओं को एक बार फिर जीवंत कर दिया।









