स्वर्णकार समाज ने मनाई आराध्य भगवान अजमेढ देव की जयंती

Advertisements

नैनपुर में स्वर्णकार समाज ने मनाई आराध्य भगवान अजमेढ देव की जयंती

भव्य शोभायात्रा के बाद हुआ महाप्रसाद का वितरण

  • मेधावी छात्र-छात्राएं सम्मानित
  • बदलते व्यावसायिक दौर में समाज के उत्थान और युवाओं को प्रशासनिक सेवा में जाने का आह्वान

मंडला महावीर न्यूज 29. मंडला जिले के नैनपुर नगर में स्वर्णकार समाज के आराध्य भगवान अजमेढ देव की जयंती पूर्ण श्रद्धा, उल्लास और धूमधाम के साथ मनाई गई। मुख्य कार्यक्रम का आयोजन वार्ड क्रमांक 11 स्थित मंगल भवन में किया गया, जिसकी शुरुआत समाज के बंधुओं द्वारा भगवान अजमेढ देव के चित्र पर माल्यार्पण, दीप प्रज्वलन और सामूहिक आरती के साथ हुई।कार्यक्रम के दौरान समाज के वरिष्ठ जनों और मातृशक्ति का पुष्पगुच्छ, शाल एवं श्रीफल भेंट कर स्वागत किया गया। इस दौरान शैक्षणिक सत्र की बोर्ड परीक्षाओं में उत्कृष्ट अंक प्राप्त कर उत्तीर्ण होने वाले समाज के प्रतिभावान छात्र-छात्राओं को मेडल और प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम का सफल संचालन शिक्षक संजीव सोनी ने किया।
वर्तमान चुनौतियों और समाज के उत्थान पर किया मंथन 

समारोह को संबोधित करते हुए ओबीसी मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष विमलेश सोनी ने भगवान अजमेढ देव के आदर्शों पर प्रकाश डालने के साथ ही स्वर्णकार समाज की वर्तमान आर्थिक स्थिति और भविष्य की चुनौतियों पर विस्तार से चर्चा की। उन्होंने कहा कि आज सोने-चांदी के बढ़ते दामों के कारण व्यवसाय कृत्रिम गहनों पर निर्भर होता जा रहा है। अन्य वर्गों द्वारा इस व्यवसाय को अपनाए जाने से छोटे स्वर्णकार व्यवसायी प्रतिस्पर्धा में पिछड़कर केवल कारीगर बनकर रह गए हैं। उन्होंने सरकार और समाज से गरीब स्वर्णकार भाइयों के उत्थान के लिए ठोस कदम उठाने की मांग की। शिक्षक संजीव सोनी ने युवाओं का आह्वान किया कि वे उच्च शिक्षा प्राप्त कर शासन-प्रशासन का अंग बनें, जिससे समाज को मजबूती मिल सके। वहीं, शिक्षक श्याम सुंदर सोनी ने नैनपुर नगर के विकास में स्वर्णकार समाज के ऐतिहासिक योगदान पर विचार रखे।

भव्य शोभायात्रा के बाद महाप्रसादी का वितरण

विचार गोष्ठी और सभा के पश्चात स्वर्णकार समाज द्वारा एक भव्य शोभायात्रा निकाली गई, जो नगर के मुख्य मार्गों से होते हुए पुन: कार्यक्रम स्थल पर पहुँची। यात्रा के समापन पर महाप्रसादी का वितरण किया गया। कार्यक्रम के अंत में समाज के अध्यक्ष अजय सोनी ने उपस्थित जनों को संबोधित किया तथा गोल्डी सोनी ने आभार प्रदर्शन कर कार्यक्रम का समापन किया।


Leave a Comment