कान्हा टाइगर रिजर्व के खटिया बफर जोन में बाघ का रोमांचक दीदार
करीब एक घंटे तक सड़क पर करता रहा चहलकदमी
- सोशल मीडिया पर वीडियो हुआ वायरल
- मगरानाला बाघिन का शावक होने का अनुमान
मंडला महावीर न्यूज 29. मध्यप्रदेश के मंडला जिले में स्थित विश्व प्रसिद्ध कान्हा टाइगर रिजर्व के खटिया बफर क्षेत्र में पर्यटकों को उस वक्त एक अद्भुत नजारा देखने को मिला, जब जंगल सफारी के दौरान अचानक एक बाघ निकलकर सड़क पर आ गया। बाघ को बिल्कुल अपने सामने देखकर पर्यटक रोमांचित हो उठे और उन्होंने इस यादगार पल को तुरंत अपने कैमरों में कैद कर लिया।
जानकारी के अनुसार, यह बाघ करीब एक घंटे तक सड़क पर मौजूद रहा और बेखौफ होकर चहलकदमी करता नजर आया। इस दौरान पर्यटकों को बाघ का वीडियो बनाने का भरपूर मौका मिला। अब बाघ की इस स्वच्छंद चहलकदमी का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
वीडियो सामने आने के बाद कुछ वन्यजीव प्रेमियों और स्थानीय लोगों ने इसे मगरानाला बाघिन का शावक बताया है, हालांकि वन विभाग द्वारा अभी इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है। कान्हा के कोर एरिया के साथ-साथ अब बफर क्षेत्र में भी बाघों की लगातार मौजूदगी पर्यटकों के लिए एक रोमांचक अनुभव साबित हो रही है और यह सफारी प्रेमियों के आकर्षण का प्रमुख केंद्र बना हुआ है।










