ट्रांसफार्मर बदलते समय करंट लगने से हेल्पर की मौत

Advertisements

मवई में ट्रांसफार्मर बदलते समय करंट लगने से हेल्पर की दर्दनाक मौत

बिजली विभाग की कार्यप्रणाली पर उठे सवाल

  • शटडाउन लिए बिना काम कराने का आरोप
  • परिजनों ने जेई पर जताई लापरवाही, निष्पक्ष जांच और कार्रवाई की मांग

मंडला महावीर न्यूज 29. मंडला जिले के आदिवासी बाहुल्य मवई क्षेत्र में विद्युत विभाग की गंभीर लापरवाही का एक मामला सामने आया है, जहाँ ट्रांसफार्मर बदलने के दौरान करंट की चपेट में आने से एक हेल्पर की मौके पर ही मौत हो गई। मृतक की पहचान रामतिला निवासी डैनी धुर्वे के रूप में हुई है, जो विद्युत विभाग में हेल्पर के रूप में कार्यरत था।जानकारी अनुसार घटना के दिन डैनी धुर्वे रहगी गांव में ट्रांसफार्मर बदलने के लिए एक प्रशिक्षित लाइनमैन के साथ गए थे। परिजनों और स्थानीय लोगों का आरोप है कि बिना विद्युत सप्लाई पूरी तरह बंद किए ही उन्हें जोखिम भरे ट्रांसफार्मर बदलने के कार्य में झोंक दिया गया। इसी दौरान अचानक करंट प्रवाहित होने से वे इसकी चपेट में आ गए, जिससे उनकी जान चली गई।

जेई की भूमिका और सुरक्षा मानकों पर उठे सवाल 

इस दर्दनाक हादसे के बाद मृतक के परिजनों ने संबंधित कनिष्ठ यंत्री पर गंभीर लापरवाही के आरोप लगाए हैं। परिजनों का कहना है कि इतने जोखिम भरे कार्य के दौरान न तो वरिष्ठ अधिकारियों की उचित निगरानी थी और न ही कर्मचारियों की सुरक्षा के लिए आवश्यक उपकरणों की कोई व्यवस्था की गई थी। इस घटना ने बिजली विभाग के सुरक्षा मानकों और मैदानी अमले की कार्यशैली पर गंभीर प्रश्नचिह्न खड़े कर दिए हैं। फिलहाल घटना के वास्तविक कारणों और विभागीय स्तर पर हुई चूक की पुष्टि विस्तृत जांच के बाद ही हो सकेगी।


रिपोर्टर- संदीप श्रीवास, मवई


Leave a Comment