सोने की चेन-अंगूठी लूटी और पेट्रोल खत्म होने पर सीट बेल्ट से बांधकर हुए फरार

Advertisements

मंडला में वन अधिकारी को बंधक बनाकर लूटपाट

खुद की ही कार में अगवा कर जबलपुर में छोड़ा

  • सोने की चेन-अंगूठी लूटी और पेट्रोल खत्म होने पर सीट बेल्ट से बांधकर हुए फरार
  • आरोपियों की तलाश में जुटी पुलिस

मंडला महावीर न्यूज 29.  जिले के कोतवाली थाना क्षेत्र में एक सनसनीखेज वारदात सामने आई है। राज्य वन अनुसंधान संस्थान (पॉलीपाथर, जबलपुर) में पदस्थ एसडीओ एमएल बरकड़े को चार अज्ञात आरोपियों ने बंधक बनाकर लूटपाट और मारपीट की घटना को अंजाम दिया। आरोपी उन्हें उन्हीं की कार में अगवा कर जबलपुर तक ले गए और बीच रास्ते में लूटपाट कर मौके से फरार हो गए।

इस तरह दिया वारदात को अंजाम

प्राप्त जानकारी के अनुसार, एसडीओ एमएल बरकड़े मंडला के बड़ी खैरी बायपास के निवासी हैं। गत 21 अक्टूबर की सुबह वे किसी काम से आमानाला के पास अपनी कार में बैठे थे। तभी एक अन्य कार से चार आरोपी वहां पहुंचे। उनमें से तीन आरोपी जबरन बरकड़े की कार में घुस गए और उन्हें बंधक बना लिया। आरोपियों ने उनका मुंह व हाथ-पैर बांध दिए और मारपीट करते हुए मंडला से शहपुरा होते हुए जबलपुर की ओर ले गए। इसी दौरान आरोपियों ने उनके गले से सोने की चेन और अंगूठी लूट ली।

पेट्रोल खत्म होने पर छोड़कर भागे

जबलपुर के करौंदा नाला के पास पहुंचने पर जब कार का पेट्रोल खत्म हो गया, तो आरोपियों ने एसडीओ बरकड़े को कार की सीट बेल्ट से कसकर बांध दिया और हाईवे के किनारे छोड़कर मौके से फरार हो गए। किसी तरह वहां से मुक्त होकर एसडीओ ने मंडला पहुंचकर कोतवाली थाने में मामले की शिकायत दर्ज कराई।

सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही पुलिस

मंडला एसपी राजेश रघुवंशी ने बताया कि मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने शिकायत दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी के लिए पुलिस की अलग-अलग टीमें गठित की गई हैं। पुलिस मंडला से लेकर जबलपुर तक के रास्ते में लगे सभी सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाल रही है। एसपी ने दावा किया है कि जल्द ही आरोपी पुलिस की गिरफ्त में होंगे।


Leave a Comment