मंडला मेडिकल कॉलेज निर्माण में मजदूरों का फूटा गुस्सा
5 महीने से भुगतान न मिलने पर काम ठप कर धरने पर बैठे
- बीपीसी इंफ्रा प्रोजेक्ट कंपनी पर लगे गंभीर आरोप
- बकाया मजदूरी न मिलने से मजदूरों के परिवारों के सामने आर्थिक संकट
मंडला महावीर न्यूज 29. मंडला जिले में निर्माणाधीन शासकीय मेडिकल कॉलेज के निर्माण कार्य में लगे सैकड़ों मजदूरों ने भुगतान न मिलने पर मोर्चा खोल दिया है। जिले की स्वास्थ्य सुविधाओं को नई दिशा देने वाले इस महत्वाकांक्षी प्रोजेक्ट में जुटे मजदूरों ने बीपीसी इंफ्रा प्रोजेक्ट कंपनी पर मजदूरी न देने के गंभीर आरोप लगाते हुए काम बंद कर दिया है और निर्माण स्थल पर ही धरने पर बैठ गए हैं।
पीडि़त मजदूरों का कहना है कि उन्हें पिछले कई महीनों से समय पर मजदूरी का भुगतान नहीं किया जा रहा है। कुछ मजदूरों के अनुसार, उनका पिछले करीब 5 महीनों का भुगतान बकाया अटका हुआ है, जिससे उनके सामने गहरा आर्थिक संकट खड़ा हो गया है। मजदूरों का कहना है कि दिन-रात हाड़-तोड़ मेहनत करने के बाद भी जब जेब में पैसे नहीं आ रहे हैं, तो परिवार का पालन-पोषण करना मुश्किल हो गया है। राशन, बच्चों की पढ़ाई और रोजमर्रा की बुनियादी जरूरतों के लिए उन्हें भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
नाराज मजदूरों ने साफ किया है कि जब तक उनकी पूरी बकाया मजदूरी का भुगतान नहीं किया जाता, तब तक वे काम पर नहीं लौटेंगे। वहीं, इस हड़ताल के कारण मेडिकल कॉलेज का निर्माण कार्य पूरी तरह से ठप हो गया है। अब सबसे बड़ा सवाल कंपनी की कार्यप्रणाली और संबंधित प्रशासनिक अधिकारियों पर उठ रहा है। जिले के इतने बड़े प्रोजेक्ट में मजदूरों के शोषण और भुगतान में हो रही देरी के लिए जिम्मेदार कौन है। क्या जिम्मेदार अधिकारी इस गंभीर मामले पर तत्काल संज्ञान लेंगे और पीडि़त मजदूरों को उनकी मेहनत का हक दिला पाएंगे, फिलहाल मजदूरों के धरने पर बैठने से हड़कंप की स्थिति बनी हुई है।










