सूने मकान में चोरी का प्रयास, ताला तोडऩे में नाकाम चोर सीसीटीवी में कैद

Advertisements

सुपरवाइजर के सूने मकान में चोरी का प्रयास, ताला तोडऩे में नाकाम चोर सीसीटीवी में कैद

इलाके में हो चुकी हैं एक दर्जन चोरियां

  • सीसीटीवी फुटेज के बावजूद पुलिस के हाथ खाली
  • बीजाडांडी पुलिस की कार्यप्रणाली पर उठ रहे गंभीर सवाल

मंडला महावीर न्यूज 29. बीजाडांडी थाना क्षेत्र में चोरों के हौसले लगातार बुलंद होते जा रहे हैं। इलाके में लगातार हो रही चोरियों से आम नागरिक दहशत में हैं, वहीं पुलिस की कार्यप्रणाली पर भी गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं। ताजा मामला बीजाडांडी के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में पदस्थ सुपरवाइजर रेणुका मरावी के घर का है, जहां एक अज्ञात चोर ने सूने मकान को निशाना बनाते हुए चोरी करने का प्रयास किया। हालांकि चोर ताला तोडऩे में असफल रहा, जिससे एक बड़ी वारदात टल गई। यह पूरी घटना घर में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है।जानकारी अनुसार स्वास्थ्य सुपरवाइजर रेणुका मरावी अपने घर में अकेली रहती हैं। घटना वाले दिन वह हमेशा की तरह अपनी ड्यूटी पर गई हुई थीं। इसी दौरान दिन के सूनेपन का फायदा उठाकर एक चोर उनके घर में घुस आया। सीसीटीवी फुटेज में स्पष्ट रूप से देखा जा सकता है कि चोर ने घर के दरवाजे का ताला तोडऩे की काफी कोशिश की, लेकिन मजबूत ताले के कारण वह अपने मंसूबों में कामयाब नहीं हो सका और अंतत: उसे बैरंग लौटना पड़ा। बताया जा रहा है कि सीसीटीवी फुटेज के आधार पर चोर की पहचान भी हो गई है। पीडि़ता ने पुलिस प्रशासन से इस मामले में जल्द से जल्द कड़ी कार्रवाई करने की मांग की है।

पुलिस की मुस्तैदी पर स्थानीय जनों ने उठाए सवाल

इस घटना के बाद से स्थानीय लोगों में पुलिस के खिलाफ गहरा आक्रोश है। नागरिकों का कहना है कि इस मामले में सीसीटीवी फुटेज बिल्कुल स्पष्ट है और चोर की गतिविधियां साफ नजर आ रही हैं। इसके बावजूद अगर बीजाडांडी पुलिस उसे पकडऩे में नाकाम रहती है, तो यह कहना मुश्किल होगा कि क्षेत्र की पुलिस कितनी चौकन्नी है।

एक दर्जन चोरियों का अब तक नहीं हुआ खुलासा 

क्षेत्रवासियों ने चिंता जताते हुए बताया कि पिछले कुछ ही दिनों में बीजाडांडी इलाके में करीब एक दर्जन चोरियां हो चुकी हैं। सबसे बड़ी हैरानी की बात यह है कि पिछली कई चोरियों के सीसीटीवी फुटेज होने के बावजूद पुलिस के हाथ अब तक पूरी तरह खाली हैं। किसी भी पुरानी चोरी का न तो खुलासा हो सका है और न ही कोई चोर पुलिस के शिकंजे में आ पाया है। लगातार हो रही इन अनसुलझी वारदातों से क्षेत्र में भय का माहौल है और लोगों ने पुलिस से गश्त बढ़ाने और सख्त कार्रवाई की मांग की है।


Leave a Comment