नैनपुर जंक्शन पर रेल कनेक्टिविटी की मुहिम लाई रंग
एक्टिविस्ट की पहल पर जबलपुर रेल मंडल ने लिया संज्ञान
- मात्र 15 मिनट के अंतर से छूट रही ट्रेन
- रीवा-इतवारी एक्सप्रेस के समय में संशोधन की मांग
- यात्रियों में जगी उम्मीद
मंडला महावीर न्यूज 29. मंडला और नैनपुर क्षेत्र के रेल यात्रियों को नागपुर-इतवारी से रात्रिकालीन रेल कनेक्टिविटी दिलाने की मांग अब सकारात्मक दिशा में बढ़ती दिख रही है। स्वतंत्र रेल एक्टिविस्ट नितिन सोलंकी द्वारा लगातार चलाए जा रहे अभियान का असर हुआ है। पूर्व में दिए गए ज्ञापन (18 अगस्त 2026) पर जब कार्रवाई नहीं हुई, तो इस मुद्दे को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ (ट्विटर) पर प्रमुखता से उठाया गया। इसके बाद जबलपुर रेल मंडल (डीआरएम जबलपुर) ने आधिकारिक संज्ञान लेते हुए आश्वस्त किया है कि इस महत्वपूर्ण सुझाव को संबंधित अधिकारियों के ध्यान में लाया जा रहा है।
क्या है कनेक्टिविटी की समस्या
यात्रियों की लंबे समय से मांग है कि रीवा-इतवारी एक्सप्रेस (11755/11753) के समय में थोड़ा संशोधन (Speed-Up) किया जाए, ताकि यह नैनपुर जंक्शन पर जबलपुर-मंडला फोर्ट पैसेंजर (51703) से कनेक्ट हो सके। वर्तमान समय-सारणी के अनुसार:
- जबलपुर-मंडला फोर्ट पैसेंजर का नैनपुर से प्रस्थान: रात 11:15 बजे
- इतवारी-रीवा एक्सप्रेस (11755) का नैनपुर आगमन: रात 11:25 बजे
- इतवारी-रीवा एक्सप्रेस (11753) का नैनपुर आगमन: रात 11:40 बजे
मात्र 10 से 15 मिनट के इस समय-अंतर और तकनीकी समन्वय के अभाव में नागपुर व बालाघाट की ओर से आने वाले यात्रियों की ट्रेन छूट जाती है, जिससे उन्हें मजबूरन महंगी बसों या अन्य साधनों का सहारा लेना पड़ता है।
रेलवे पर बिना वित्तीय भार के मिलेगी बड़ी सुविधा
रेल एक्टिविस्ट सोलंकी का मानना है कि यदि रेलवे का परिचालन विभाग इस सूक्ष्म समय-संशोधन पर विचार करे, तो बिना किसी नए रैक या अतिरिक्त वित्तीय भार के हजारों दैनिक यात्रियों, विद्यार्थियों और व्यापारियों को एक बेहतरीन रात्रिकालीन रेल सुविधा मिल सकेगी। जबलपुर मंडल की प्रतिक्रिया से क्षेत्र के रेल यात्रियों में नई उम्मीद जगी है।
नागरिकों और यात्रियों की प्रतिक्रिया
-
“मंडला जिले के आम यात्रियों, मरीजों और छात्रों को नागपुर से लौटने में सबसे ज्यादा परेशानी होती है। ट्रेनें न मिलने की वजह से महंगे प्राइवेट साधनों से सफर करना पड़ता है। नितिन सोलंकी जी द्वारा इस खामी को मजबूती से रखने और जबलपुर मंडल द्वारा संज्ञान लेने से सीधी राहत की उम्मीद जागी है।”
संतोष कछवाहा (स्थानीय नागरिक)
-
“नागपुर और इतवारी की ओर से रात में आने वाले यात्रियों के लिए नैनपुर में कनेक्टिविटी न मिलना एक बड़ी समस्या रही है। यदि रीवा-इतवारी का समय 15 मिनट पहले हो जाए या पैसेंजर का समय थोड़ा समायोजित हो जाए, तो यात्रियों को रात में भटकना नहीं पड़ेगा। रेलवे प्रशासन की यह अच्छी पहल है, इसे जल्द लागू किया जाना चाहिए।”









