मंडला में आवारा मवेशियों का आतंक

मंडला में आवारा मवेशियों का आतंक

बेकाबू बैल ने मॉर्निंग वॉक पर निकले व्यक्ति समेत दो को किया लहूलुहान

  • सीसीटीवी में कैद हुई घटना
  • नवरात्रि के बीच हिंसक बैल से बुधवारी चौक क्षेत्र में दहशत
  • ट्रेंकुलाइज कर पकडऩे में जुटी नगर पालिका

मंडला महावीर न्यूज 29. शहर में आवारा मवेशियों का आतंक लगातार बढ़ता जा रहा है, जो अब राहगीरों की जान के लिए बड़ा खतरा बन चुका है। गुरुवार सुबह बुधवारी चौक क्षेत्र के इंदिराजी वार्ड में एक काले रंग के बेकाबू बैल ने जमकर उत्पात मचाया और दो लोगों पर हमला कर उन्हें घायल कर दिया।जानकारी अनुसार किला वार्ड निवासी पप्पू अग्रवाल गुरुवार सुबह मॉर्निंग वॉक पर निकले थे। इसी दौरान इंदिराजी वार्ड में अचानक एक काले रंग के बैल ने उन पर जानलेवा हमला कर दिया, जिससे उन्हें गंभीर चोटें आई हैं। स्थानीय लोगों ने उन्हें तुरंत अस्पताल पहुंचाया। हमले के बाद बैल घटनास्थल पर ही बैठा रहा। लोगों ने कड़ी मशक्कत कर उसे भगाया, लेकिन कुछ देर बाद उसी बैल ने वहां से गुजर रहे एक अन्य राहगीर को भी अपना निशाना बनाकर घायल कर दिया। इस पूरी घटना का सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है।

पकडऩे पहुंची नगर पालिका की टीम 

बैल के हमले की सूचना मिलते ही नगर पालिका की टीम मौके पर पहुंच गई है। टीम द्वारा बैल को ट्रेंकुलाइज कर सुरक्षित तरीके से पकडऩे और अन्यत्र ले जाने का प्रयास किया जा रहा है।

नवरात्रि में दर्शनार्थियों की सुरक्षा पर उठे सवाल 

इस घटना के बाद से बुधवारी चौक और आसपास के क्षेत्र में भारी दहशत है। स्थानीय लोगों ने चिंता जताते हुए कहा है कि वर्तमान में नवरात्रि का महापर्व चल रहा है। आज पंचमी होने के कारण माता के दर्शन के लिए श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ेगी। ऐसे में सड़कों पर खुलेआम घूम रहे इन हिंसक मवेशियों से कभी भी बड़ा हादसा हो सकता है। शहरवासियों ने नगर पालिका प्रशासन से मांग की है कि दर्शनार्थियों और आम नागरिकों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए आवारा मवेशियों को सड़कों से हटाने की तत्काल और समुचित व्यवस्था की जाए।


Leave a Comment