सराफा बाजार मार्ग में बिजली तारो को ऊंचा कराने की उठी मांग

सराफा बाजार मार्ग में बिजली तारो को ऊंचा कराने की उठी मांग

मंडला में सुगम विसर्जन के लिए प्रतिमाओं की नंबरिंग का दिया सुझाव

  • दशहरा से शरद पूर्णिमा तक मूर्ति विसर्जन, शोभायात्रा में बाधा न बनें विद्युत केवल
  • समाजसेवी अखिलेश ने प्रशासन व समितियों से की समन्वय की अपील

मंडला महावीर न्यूज 29. दशहरा पर्व से लेकर शरद पूर्णिमा तक नगर में माता दुर्गा की प्रतिमाओं का विसर्जन सिंहवाहिनी घाट पर किया जाएगा। शोभायात्रा को सफलतापूर्वक संपन्न कराने और श्रद्धालुओं को सुलभ दर्शन उपलब्ध कराने के लिए स्थानीय नागरिक अखिलेश सोनी ने प्रशासन व समितियों से मिलकर एक ठोस कार्ययोजना बनाने की मांग उठाई है।

अखिलेश सोनी ने बताया कि सराफा बाजार और उदय चौक क्षेत्र में बिजली के तार काफी नीचे झूल रहे हैं। इस वर्ष स्थापित की गई माता रानी की कई प्रतिमाओं का आकार काफी बड़ा है। ऐसे में शोभायात्रा के दौरान ये तार बाधा उत्पन्न कर सकते हैं। उन्होंने बिजली विभाग और नगरपालिका प्रशासन से मांग की है कि समय रहते इन तारों को ऊपर कराया जाए, जिससे प्रतिमाओं को सुरक्षित रूप से निकाला जा सके।

प्रतिमाओं की नंबरिंग और मार्किंग की मांग 

भीड़ और यातायात प्रबंधन को सुचारु बनाने के लिए सभी प्रतिमाओं की मार्किंग कर उनका क्रमवार नंबर निर्धारित करने का सुझाव भी दिया गया है। इससे विसर्जन का क्रम तय होगा और दर्शनार्थियों को भी व्यवस्थित तरीके से दर्शन करने का अवसर मिलेगा। हाल ही में गणेश विसर्जन के दौरान आई बाढ़ और उससे प्रभावित हुए स्थानीय बाजार का हवाला देते हुए सोनी ने कहा कि प्रशासन को ऐसी व्यवस्था बनानी चाहिए जिससे धार्मिक आयोजन भी सुचारु रहें और व्यापारिक गतिविधियां भी प्रभावित न हों। उन्होंने नगरपालिका, पुलिस प्रशासन, बिजली विभाग और दुर्गा उत्सव समितियों से जल्द बैठक कर आपसी समन्वय स्थापित करने की मांग की है, जिससे दशहरा से शरद पूर्णिमा तक चलने वाला यह उत्सव शांतिपूर्ण, व्यवस्थित और सुविधाजनक ढंग से संपन्न हो सके।


 

Leave a Comment