छात्रों ने सीखे आग को बुझाने के तरीके और सुरक्षित रेस्क्यू

छात्रों ने सीखे आग को बुझाने के तरीके और सुरक्षित रेस्क्यू

  • छात्रों ने आपदाओं से बचाव का लिया प्रशिक्षण
  • विश्व आपदा प्रबंधन दिवस पर ब्रेन चाइल्ड एकेडमी में जागरूकता एवं प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित

मंडला महावीर न्यूज 29. विश्व आपदा प्रबंधन दिवस के अवसर पर ब्रेन चाइल्ड एकेडमी, मंडला में विद्यार्थियों को आपदा प्रबंधन, सुरक्षा उपायों एवं प्राथमिक चिकित्सा के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से एक विशेष प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों को आपातकालीन परिस्थितियों में सतर्क, साहसी एवं जिम्मेदार नागरिक बनने के लिए व्यावहारिक प्रशिक्षण प्रदान करना था। कार्यक्रम के अंतर्गत एसडीईआरएफ मंडला की टीम द्वारा अग्नि सुरक्षा,जल सुरक्षा एवं विभिन्न आपदाओं से बचाव के लिए प्रशिक्षण और प्रदर्शन किए गए। विद्यार्थियों को आग के विभिन्न प्रकारों को बुझाने के तरीकों, जल दुर्घटनाओं के दौरान लाइफ जैकेट के सही उपयोग तथा छत से सुरक्षित रेस्क्यू और नदी पार करने जैसी परिस्थितियों में अपनाई जाने वाली सावधानियों का प्रदर्शन करके समझाया गया। इन गतिविधियों के माध्यम से विद्यार्थियों ने आपदा के समय सुरक्षा नियमों का पालन करने और बचाव कार्यों के महत्व को समझा। कार्यक्रम में चिकित्सकीय आपातकालीन स्थितियों पर भी विशेष प्रशिक्षण दिया गया। डॉ. हर्षिता अग्रवाल ने सीपीआर देने की प्रक्रिया तथा सड़क दुर्घटना जैसी आपातकालीन परिस्थितियों में अपनाए जाने वाले आवश्यक प्राथमिक उपचार एवं सुरक्षा उपायों का प्रदर्शन किया। इन प्रदर्शनों से विद्यार्थियों को जीवन रक्षा से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारियाँ प्राप्त हुईं। यह कार्यक्रम ब्रेन चाइल्ड एकेडमी के डायरेक्टर निशांत शुक्ला एवं प्राचार्य डॉ. दिव्या शुक्ला के मार्गदर्शन में आयोजित किया गया। एकेडमिक कोऑर्डिनेटर सोनिया जैन ने कार्यक्रम के सफल संचालन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। आपदा प्रबंधन से संबंधित अभ्यास एवं प्रदर्शनों का संचालन एसडीईआरएफ, मंडला के कंपनी कमांडर हेमराज परस्ते द्वारा किया गया। कार्यक्रम के आयोजन में जिला युवा अधिकार भुवन सिंह सोलंकी का महत्वपूर्ण योगदान रहा।


रिपोर्टर- रितेश पमनानी


Leave a Comment