कटंग सिवनी में भ्रष्टाचार के खिलाफ लामबंद हुए ग्रामीण
सरपंच-सचिव पर वित्तीय अनियमितताओं का आरोप, एसडीएम को सौंपा ज्ञापन
- एक साल से नहीं मिली सड़क निर्माण की मजदूरी
- ग्रामीणों ने प्रशासन के सामने रखी 5 सूत्रीय मांग
- निष्पक्ष जांच कर कार्रवाई की गुहार
मंडला महावीर न्यूज 29. जनपद पंचायत निवास के अंतर्गत आने वाली ग्राम पंचायत कटंग सिवनी में भ्रष्टाचार और प्रशासनिक अनियमितताओं को लेकर ग्रामीणों में भारी आक्रोश है। पंचायत में चल रही कथित मनमानी को उजागर करने के लिए सैकड़ों ग्रामीण लामबंद हो गए हैं। ग्रामीणों ने एसडीएम निवास को एक लिखित ज्ञापन सौंपकर ग्राम पंचायत में हो रहे भ्रष्टाचार की निष्पक्ष जांच कर दोषियों पर कड़ी कार्रवाई की मांग की है।
ग्रामीणों का आरोप है कि ग्राम पंचायत कटंग सिवनी में सरकारी योजनाओं के क्रियान्वयन में भारी वित्तीय और प्रशासनिक अनियमितताएं बरती जा रही हैं। यहां देखने-सुनने वाला कोई नहीं है। हद तो तब हो गई जब सड़क निर्माण कार्य में लगे मजदूरों को एक वर्ष बीत जाने के बाद भी उनकी मजदूरी का भुगतान नहीं किया गया है। मजदूरी न मिलने से अंकित साहू, अंगद मरावी, आनंद वर्मा और विशाल कुलस्ते सहित सैकड़ों मजदूरों और ग्रामीणों में भारी आक्रोश व्याप्त है।
ज्ञापन में रखी 5 प्रमुख मांगें
ग्रामीणों ने प्रशासन से पंचायत की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए जांच के लिए पांच प्रमुख बिंदु सामने रखे हैं। जिसमें ग्राम पंचायत में स्वीकृत सभी निर्माण कार्यों की वर्तमान भौतिक स्थिति का मौके पर जाकर सत्यापन कराया जाए। पंचायत निधि एवं शासकीय योजनाओं के तहत प्राप्त राशि से किए गए व्यय और भुगतान से संबंधित बिल-वाउचर की बारीकी से जांच हो। पंचायत कार्यों के स्वीकृत कार्यादेश, माप पुस्तिका, मूल्यांकन एवं भुगतान संबंधी सरकारी नियमों के पालन की जांच की जाए। पंचायत की बैठकों के प्रस्ताव रजिस्टर, कार्यवाही रजिस्टर एवं अन्य सभी संबंधित अभिलेखों का विधिवत सत्यापन हो। जांच के दौरान यदि शासकीय राशि के दुरुपयोग या नियम विरुद्ध कार्य किए जाने की पुष्टि होती है, तो संबंधित जिम्मेदार व्यक्तियों के विरुद्ध नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाए। ग्रामीणों और मजदूरों ने जिला प्रशासन से गुहार लगाई है कि इस मामले में तत्काल ध्यान देकर उनके रुके हुए मजदूरी भुगतान को सुनिश्चित कराया जाए और पंचायत में व्याप्त भ्रष्टाचार पर अंकुश लगाया जाए।










