नारायणगंज के तीन शासकीय स्कूलों में चोरों का धावा
ताला और चैनल गेट तोड़कर गैस सिलेंडर, बर्तन व खाद्य सामग्री चुराई
- स्कूलों को बनाया जा रहा निशाना
- चमरवाह, खमरिया और पोतला स्कूल में चोरियों से ग्रामीणों में दहशत
मंडला महावीर न्यूज 29. जनपद पंचायत नारायणगंज के अंतर्गत विभिन्न ग्रामीण क्षेत्रों में चोरों के हौसले बुलंद नजर आ रहे हैं। क्षेत्र के तीन अलग-अलग शासकीय स्कूलों में चोरों ने ताले और चैनल गेट तोड़कर मध्याह्न भोजन की खाद्य सामग्री, गैस सिलेंडर, बर्तन और अन्य महत्वपूर्ण सामानों पर हाथ साफ कर दिया है। लगातार हो रही इन चोरियों की घटनाओं से क्षेत्र के पालकों और ग्रामीणों में गहरी दहशत और आक्रोश का माहौल है।
चमरवाह स्कूल में दूसरी बार हुई चोरी
नारायणगंज के एकीकृत शासकीय माध्यमिक शाला चमरवाह में चोरों ने रात्रि में स्कूल का ताला तोड़कर वहां रखी खाद्य सामग्री, गैस सिलेंडर, तेल, मसाले और बर्तन चुरा लिए। ग्रामीणों ने बताया कि इससे पूर्व अगस्त 2025 में भी इसी स्कूल से चोरों ने ताला तोड़कर गैस सिलेंडर, बर्तन और खाद्य सामग्री चुराई थी, जिसकी शिकायत थाना टिकरिया में दर्ज कराई गई थी। इसके बावजूद सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम न होने के कारण चोरों ने दोबारा इसी विद्यालय को निशाना बनाया।
खमरिया और पोतलास्कूल में भी चोरी
बताया गया कि खमरिया के शासकीय स्कूल से भी चोरों ने खाद्य सामग्री और अन्य सामान पार कर दिए, जिसकी शिकायत थाना टिकरिया व जनपद शिक्षा अधिकारी से की गई है। वहीं ग्राम पंचायत मझगांव के पोतला स्कूल में बीती रात चोरों ने चैनल गेट का ताला तोड़कर अंदर रखी खाद्य सामग्री, बर्तन, टेबल क्लॉथ और सरकारी दस्तावेजों के साथ छेड़छाड़ करते हुए चोरी की घटना को अंजाम दिया। सुबह स्कूल खुलने पर जब प्रधान पाठक और स्थानीय लोगों को घटना की जानकारी मिली, तो उन्होंने तुरंत थाना टिकरिया में लिखित शिकायत दर्ज कराई।
ग्रामीणों ने की सख्त कार्रवाई की मांग
कम समय में क्षेत्र के तीन अलग-अलग शासकीय विद्यालयों में इस तरह की लगातार चोरी की वारदातों से ग्रामीणों में भारी रोष है। लोगों का कहना है कि चोरों के हौसले इतने बढ़ चुके हैं कि वे अब शिक्षण संस्थानों को भी सुरक्षित नहीं छोड़ रहे हैं। ग्रामीणों व जनप्रतिनिधियों ने पुलिस प्रशासन से मांग की है कि जल्द से जल्द चोरों को गिरफ्तार कर उनके खिलाफ कड़ी से कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाए, जिससे स्कूलों की संपत्ति और रिकॉर्ड सुरक्षित रह सकें।











