बच्चों का भविष्य दांव पर, शराब पीकर स्कूल आता है शिक्षक
एसडीएम और बीईओ से शिकायत के बाद भी नहीं हुई कार्रवाई, अब जनसुनवाई में पहुंचा मामला
- नवीन प्राथमिक शाला पतवाही के ग्रामीणों का फूटा गुस्सा
- शराबी शिक्षक को हटाने के लिए कलेक्टर को सौंपा ज्ञापन
मंडला महावीर न्यूज 29. जिले के नैनपुर विकासखंड अंतर्गत ग्राम पंचायत पांडीवारा की नवीन प्राथमिक शाला पतवाही में पदस्थ एक शिक्षक की मनमानी और शराबखोरी से ग्रामीण व स्कूली बच्चे परेशान हैं। शिक्षक की कार्यप्रणाली से त्रस्त होकर शाला प्रबंधन समिति और ग्रामीणों ने मंडला कलेक्टर को लिखित शिकायत की है। जिसमें शिक्षक को तत्काल हटाने की मांग की गई है।
कलेक्टर को सौंपे गए शिकायत पत्र में ग्रामीणों और पालक शिक्षक समिति ने आरोप लगाया है कि स्कूल में पदस्थ शिक्षक राजेश सिरश्याम नियमित रूप से स्कूल नहीं आते हैं। जब वे स्कूल आते भी हैं, तो शराब के नशे में धुत रहते हैं। शिक्षक की इस हरकत के कारण स्कूल के संचालन में भारी बाधा उत्पन्न होती है और बच्चों के भविष्य पर नकारात्मक प्रभाव पड़ रहा है।
पहले की गई शिकायतों पर नहीं हुआ कोई असर
ग्रामीणों का कहना है कि उन्होंने शिक्षक को कई बार मौखिक रूप से समझाइश दी, लेकिन उनके व्यवहार में कोई सुधार नहीं आया। ग्रामीणों ने बताया कि इस गंभीर मामले की शिकायत इससे पहले नैनपुर एसडीएम, विकासखंड शिक्षा अधिकारी और जनपद शिक्षा केंद्र भालीवाड़ा में भी की जा चुकी है, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई।
कलेक्टर से की निष्पक्ष जांच की मांग
स्थानीय प्रशासन से निराशा हाथ लगने के बाद समिति के सदस्यों ने न्याय की गुहार लगाते हुए जिला कलेक्टर को आवेदन सौंपा है। समिति के अध्यक्ष, सचिव और ग्रामीण हर्रे सिंह उइके, अमर सिंह, यदुनाथ यादव व लक्ष्मी परते सहित अन्य लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि मामले की निष्पक्ष जांच कर शराबी शिक्षक को तत्काल हटाया जाए, जिससे शाला का माहौल सुधर सके।









