एनएच 30 में ज्वलनशील केमिकल से भरा टैंकर पलटा

एनएच 30 में 37 टन ज्वलनशील केमिकल से भरा टैंकर पलटा, शाम तक जारी रहा रेस्क्यू

अंजनिया के अहमदपुर चौराहे के पहले हुआ हादसा

  • मंडला से दोपहर में पहुंचीं क्रेन
  • होटल, अस्पताल और निजी स्कूल होने से बढ़ सकती थी खतरे की आशंका

मंडला महावीर न्यूज 29. नेशनल हाईवे-30 पर अंजनियां चौकी क्षेत्र में मंगलवार सुबह ज्वलनशील केमिकल से भरा 18 चक्का टैंकर सड़क से नीचे उतरकर झाडिय़ों में पलट गया। हादसा अहमदपुर चौराहे से करीब 200 मीटर पहले पुरानी बंजी रोड के पास सुबह 8.30 बजे हुआ। टैंकर में करीब 37 टन केमिकल भरा था, जिसका उपयोग सड़क पर डामरीकरण के लिए किया जाता है। पदार्थ अत्यंत ज्वलनशील होने के कारण हादसे की गंभीरता बढ़ गई थी। बताया गया कि घटनास्थल के आसपास होटल, अस्पताल और एक निजी स्कूल भी है। ऐसे में आग लगने या केमिकल का रिसाव होने पर आसपास के लोगों के लिए खतरा पैदा हो सकता था।जानकारी मुताबिक चालक हाईवे किनारे होटल पर नाश्ता करने के लिए रुका था। इसी दौरान ढलान पर खड़ा टैंकर धीरे-धीरे लुढ़कने लगा और सड़क से नीचे झाडिय़ों में पलट गया। चालक ने बताया कि वह झांसी से केमिकल लेकर अंगुल ओडिशा जा रहा था। वहीं हादसे के बाद मंडला से फायर ब्रिगेड दोपहर 12 बजे से पहले मौके पर पहुंच गई, जबकि टैंकर निकालने के लिए क्रेन करीब 3.30 बजे पहुंचीं। इसके बाद तीन क्रेन की मदद से टैंकर को निकालने का प्रयास शुरू हुआ।

शाम 5.30 बजे तक नहीं हट सका टैंकर 

टैंकर को झाडिय़ों से बाहर निकालने में पुलिस और क्रेन कर्मचारियों को काफी मशक्कत करनी पड़ी। रेस्क्यू के दौरान एक क्रेन का कांच भी टूट गया। शाम 5.30 बजे तक टैंकर को घटनास्थल से हटाया नहीं जा सका था और मौके पर आई तीन क्रेनों की मदद से उसे निकालने का प्रयास जारी था।

हाईवे पर प्रभावित रहा यातायात 

बताया गया कि नेशनल हाईवे-30 पर वाहन धीमी गति से और रुक-रुककर निकलते नजर आए। टैंकर पलटने वाली जगह के पास से वाहनों को निकलने में परेशानी हो रही थी। मौके पर अंजनियां पुलिस मौजूद रही और यातायात सुचारू कराने का प्रयास करती रही। टैंकर में ज्वलनशील केमिकल होने और आसपास होटल अस्पताल व निजी स्कूल होने से सुरक्षा इंतजाम महत्वपूर्ण थे। हादसे के बाद टैंकर को निकालने में कई घंटे लग गए। समाचार लिखे जाने तक रेस्क्यू पूरा नहीं हो सका। फिलहाल पुलिस टैंकर के पलटने का वास्तविक कारण की जानकारी ले रही है।


रिपोर्टर- गर्जेन्द्र पटेल, अंजनिया, मंडला ✍️


Leave a Comment