खिलाडिय़ों ने 4 स्वर्ण, 7 रजत और 2 कांस्य पदक किये अपने नाम

जिले के खिलाडिय़ों ने 4 स्वर्ण, 7 रजत और 2 कांस्य पदक किये अपने नाम

जबलपुर महापौर कप में मंडला के खिलाडिय़ों का शानदार प्रदर्शन

  • बरगी विस्थापित होनहारों ने खेल में दिखाया अपना दम
  • उत्कृष्ट प्रदर्शन कर जिले का नाम किया रोशन

मंडला महावीर न्यूज 29. जबलपुर रानीताल स्थित बैडमिंटन हॉल में विगत दिवस आयोजित महापौर कप की 10वीं फ्लाइंग किक प्रतियोगिता में मंडला जिले के खिलाडिय़ों ने उत्कृष्ट प्रदर्शन किया है। जिले के होनहार खिलाडिय़ों ने अपनी खेल प्रतिभा का लोहा मनवाते हुए कुल 13 पदक अपने नाम किए, जिनमें 4 स्वर्ण, 7 रजत और 2 कांस्य पदक शामिल हैं। कोच झामसिंह तेकाम ने बताया कि फ्लाइंग किक प्रतियोगिता के विजेता खिलाडिय़ों में स्वर्ण पदक विजेता दुर्गेश तेकाम, कौशल्या उइके, मोहनी गौठरिया और अजीत वरकड़े है। रजत पदक में दिव्या मरावी, मेयांशु तेकाम, रेसमी मरकाम, राधा कुलस्ते, सरला सरोते, मायावती परस्ते और सौरभ मरावी को मिला है। वहीं कांस्य पदक योगेश तेकाम और अनन्या यादव ने हासिल किया है।

बरगी विस्थापित गांवों की प्रतिभाओं ने बढ़ाया मान 

खिलाडिय़ों की इस उपलब्धि में मुख्य कोच झामसिंह तेकाम के कुशल मार्गदर्शन के साथ सहयोगी कोच व रेफरी सोमनाथ मरावी, अजीत वरकड़े और सीमा तेकाम का महत्वपूर्ण योगदान रहा। इस सफलता की खास बात यह है कि कोच झाम सिंह तेकाम, रेफरी सोमनाथ मरावी सहित अधिकांश विजेता खिलाडिय़ों में मोहनी गोठारिया, कौशल्या उइके, राधा कुलस्ते, रेसमी मरकाम, मेयांशु तेकाम, दुर्गेश तेकाम और योगेश मंडला जिले के नारायणगंज ब्लाक के बरगी बांध से विस्थापित गांवों से आते हैं। वहीं निवास ब्लाक से दिव्या मरावी, अनन्या यादव, मायावती परस्ते है। बीजाडांडी ब्लाक से राधा कुलस्ते, रेश्मी मरकाम, मोहनी गौठरिया, अजीत बरकड़े है। मुख्य कोच झाम सिंह तेकाम ने खेल प्रतिभाओं को आगे बढ़ाने का संकल्प दोहराते हुए कहा कि उनका मुख्य उद्देश्य खेलों के माध्यम से ग्रामीण एवं स्थानीय प्रतिभाओं को उचित मंच प्रदान करना, युवाओं में अनुशासन व आत्मविश्वास जगाना और मंडला जिले को खेल के क्षेत्र में एक नई पहचान दिलाना है।

जनप्रतिनिधियों ने दी बधाई, प्रशासन से सुविधाओं की मांग 

इन खिलाडिय़ों की शानदार सफलता पर निवास विधायक चेन सिंह बरकड़े, जिला पंचायत सदस्य भूपेंद्र बरकड़े और बरगी बांध विस्थापित एवं प्रभावित संघ के राज कुमार सिन्हा ने सभी विजेताओं को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दी हैं। इसके साथ ही उन्होंने जिला प्रशासन से अपील की है कि इन प्रतिभावान खिलाडिय़ों के लिए बेहतर प्रशिक्षण सुविधाओं और प्रोत्साहन की व्यवस्था की जाए, जिससे भविष्य में ये युवा राष्ट्रीय और अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर मंडला का नाम रोशन कर सकें।


Leave a Comment