भारत ज्योति ने बैल वेदर को हराया, ज्ञानदीप की 7-0 से धमाकेदार जीत
- महात्मा गांधी स्टेडियम में फुटबॉल का रोमांच जारी
- साहिल के दो गोल से भारत ज्योति विजयी, मंगलवार को होंगे 3 मैच
मंडला महावीर न्यूज 29. स्थानीय महात्मा गांधी स्टेडियम में जिला फुटबॉल संघ एवं खेल व युवा कल्याण विभाग मंडला के संयुक्त तत्वाधान में आयोजित अंतर शालेय बालक वर्ग फुटबॉल प्रतियोगिता के पांचवें दिन सोमवार को दो रोमांचक मुकाबले खेले गए। दिन का पहला मुकाबला भारत ज्योति विद्यालय और बैल वेदर स्कूल के बीच खेला गया। इस मैच में भारत ज्योति की टीम ने उत्कृष्ट तालमेल और रणनीति का प्रदर्शन करते हुए बैल वेदर को 2-0 से शिकस्त दी। भारत ज्योति की ओर से स्टार खिलाड़ी साहिल ने शानदार खेल दिखाते हुए दोनों निर्णायक गोल दागे।
ज्ञानदीप ने 7-0 से दर्ज की एकतरफा जीत
दूसरा मुकाबला ज्ञानदीप स्कूल और नेहरू शाला महाराजपुर के मध्य आयोजित हुआ। इस मैच में ज्ञानदीप के खिलाडिय़ों ने एकतरफा दबदबा बनाते हुए नेहरू शाला महाराजपुर को 7-0 से करारी मात दी। ज्ञानदीप की ओर से बेहतरीन टीम वर्क देखने को मिला, जिसमें सौरभ, भावेश, यावेश, नीरज, ओम, शिवम और पार्थ ने 1-1 गोल कर अपनी टीम को एकतरफा जीत दिलाई।
आज खेले जाएंगे 3 अहम मुकाबले
प्रतियोगिता के अंतर्गत आज 13 अक्टूबर मंगलवार को तीन मुकाबले खेले जाएंगे। पहला मैच केंद्रीय विद्यालय संगठन व एक्सीलेंस स्कूल, दूसरा मैच अमल ज्योति स्कूल व बैल वेदर तथा तीसरा मुकाबला ब्रेन चाइल्ड अकेडमी व ज्ञानदीप के मध्य होगा। जिला फुटबॉल संघ के सचिव पंकज उसराठे ने खेलप्रेमियों से अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर खिलाडिय़ों का उत्साहवर्धन करने की अपील की है। मैचों के दौरान जिला हॉकी संघ के सचिव सैयद कमर अली, वरिष्ठ खिलाड़ी पुरुषोत्तम उसराठे, डॉ. दिलीप शर्मा, अनिल सोनी, अनूप बासल, चंद्रेश खरे, सत्यनारायण अग्रवाल, पंकज उसराठे, मतीन खान, समीर वाजपेयी, सैयद सिकंदर अली, रमन चौरसिया, मिनी सिंह सहित अनेक खेलप्रेमी उपस्थित रहे।









